State News (राज्य कृषि समाचार)

77 लाख किसानों के खाते में डाले 1540 करोड़ रुपये

Share

मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना

26 अक्टूबर 2021, भोपाल । 77 लाख किसानों के खाते में डाले 1540 करोड़ रुपये – मध्य प्रदेश में वर्ष 2003 की तुलना में अब तक तीन गुना उत्पादन बढ़ा है। देश एवं प्रदेश के अन्नदाताओं की मेहनत से अनाजों के गोदाम भरे पड़े हैं। अन्न ही ब्रह्म है। देश किसानों का ऋणी है। यह विचार मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की द्वितीय किश्त 77 लाख किसानों के खाते में 1540 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक के माध्यम से डालते हुए व्यक्त किए। यह कार्यक्रम भोपाल में राजस्व विभाग द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें झाबुआ से वर्चुअली राजस्व मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत जुड़े। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह एवं विधायक हुजूर श्री रामेश्वर शर्मा सहित अधिकारी एवं कृषक बंधु उपस्थित थे।

अन्न ही ब्रह्म है : मुख्यमंत्री

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से 1 साल में कृषकों को 10 हजार रुपये मिल रहे हैं जो छोटे किसानों के लिए बहुत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि खेती के लिए सबसे जरूरी पानी की व्यवस्था सरकार कर रही है। राज्य में सिंचाई क्षमता साढ़े 7 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 42 लाख हे. कर ली गई है। वर्ष 2025 तक 65 लाख हेक्टेयर में पानी पहुंचाने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती के लिए आवश्यक बिजली की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए 21 हजार करोड़ की सब्सिडी दी गई है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा बढ़ाने के लिए सोलर पावर प्लांट्स लगाए जा रहे हैं तथा पेट्रोल में कमी करने के लिए अनाज से इथेनाल बनाने का प्रयोग किया जा रहा है।

श्री शिवराज सिंह ने कहा कि खेती में उत्पादन बढ़ाने के लिए विविधीकरण जरूरी है। उन्होंने खाद के सम्बंध में कहा कि कमी नहीं होने दी जाएगी। वैसे डीएपी का विकल्प एन.पी.के. है जिससे खाद की पूर्ति की जा सकती है। उन्होंने स्वामित्व योजना को लाभकारी बताया तथा कहा कि खातों का शुद्धीकरण अभियान 1 नवम्बर से चलेगा।

इसके पूर्व कार्यक्रम के प्रारंभ में झाबुआ से राजस्व मंत्री श्री राजपूत ने कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने अगले माह से शुरू होने वाली आपका राशन आपके द्वार योजना के सम्बन्ध में बताया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रतीक स्वरूप 5 किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का चैक सौंपा। राजस्व सचिव श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने आभार व्यक्त किया।

Share
Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *