State News (राज्य कृषि समाचार)

खाद-बीज के अमानक नमूनों के लाट का विक्रय प्रतिबंधित

Share

20 जुलाई 2021, रायपुरखाद-बीज के अमानक नमूनों के लाट का विक्रय प्रतिबंधित – छत्तीसगढ़ कृषि विभाग द्वारा राज्य में रासायनिक उर्वरकों, बीज एवं कीटनाशक औषधि की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कृषि विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी अपने-अपने इलाकों में लगातार बीज, खाद और कीटनाशक औषधियों के सेम्पल ले रहे हैं, जिसकी जांच गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला में की जा रही है। अब तक राज्य में बीज के 42 नमूने तथा रासायनिक उर्वरक के 45 नमूने अमानक पाए गए हैं, जिनके लाट के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाए जाने के साथ ही संबंधित फर्मों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया है।

कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार खरीफ सीजन 2021 में बीज के अब तक 1964 नमूने लिए गए हैं, जिसमें से 1819 नमूनों का विश्लेषित किए जा चुके हैं, जबकि 145 नमूनों की जांच जारी है। उक्त नमूनों में 1777 नमूने मानक स्तर के तथा 42 नमूने अमानक पाए गए है। अमानक पाए गए बीज के नमूनों के लाट के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसी तरह रासायनिक उर्वरकों की गुणवत्ता की जांच-पड़ताल के लिए कृषि विभाग के उर्वरक निरीक्षकों द्वारा 1562 नमूने विभिन्न संस्थानों से लिए गए हैं। जिसमें से 1197 नमूनों की जांच की जा चुकी है। 365 नमूनों की जांच जारी है। रासायनिक उर्वरकों के विश्लेषित सैम्पल में से 1152 मानक स्तर के तथा 45 अमानक पाए गए हैं। अमानक बीज एवं खाद के विक्रय को विभाग द्वारा प्रतिबंधित किए जाने के साथ संबंधित संस्थाओं को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है।

Share
Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *