राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

तमिलनाडु सरकार का बड़ा फैसला: 75 हजार तक का फसल लोन माफ, 14.43 लाख किसानों को मिलेगा फायदा  

16 जून 2026, नई दिल्ली: तमिलनाडु सरकार का बड़ा फैसला: 75 हजार तक का फसल लोन माफ, 14.43 लाख किसानों को मिलेगा फायदातमिलनाडु सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए फसल लोन माफी योजना में विस्तार किया है। मुख्यमंत्री  सी. जोसेफ विजय (C. Joseph Vijay) ने घोषणा की है कि सहकारी बैंकों से लिए गए 75 हजार रुपये तक के फसल लोन को पूरी तरह माफ किया जाएगा। इस फैसले से राज्य के लाखों किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस योजना का सीधा फायदा लगभग 14.43 लाख किसानों तक पहुंचेगा। सरकार का कहना है कि इस कदम से किसानों पर बढ़ते कर्ज के बोझ में कमी आएगी और उन्हें खेती की नई शुरुआत करने में मदद मिलेगी।

75 हजार से अधिक लोन पर भी आंशिक राहत

राज्य सरकार के अनुसार इस लोन माफी योजना को लागू करने में करीब 5,932 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। इसके बावजूद सरकार ने किसानों के हित को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन किसानों का फसल लोन 75 हजार रुपये से अधिक है, उन्हें भी आंशिक राहत दी जाएगी। ऐसे मामलों में अधिकतम 35 हजार रुपये तक की माफी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके।

पहले की योजना में किया गया संशोधन

यह फैसला पहले घोषित योजना में संशोधन के रूप में आया है। इससे पहले सरकार ने केवल छोटे और सीमांत किसानों के लिए 50 हजार रुपये तक की लोन माफी का प्रावधान किया था। लेकिन किसानों और प्रतिनिधियों की मांग के बाद अब इसका दायरा बढ़ा दिया गया है।

बुवाई सीजन से पहले राहत

सरकार ने कहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुसार इस योजना को तय समय में लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम आगामी बुवाई सीजन से पहले किसानों को राहत देने और उन्हें नए कृषि ऋण लेने में मदद करेगा।

इस फैसले को राज्य सरकार की किसानों के प्रति बड़ी आर्थिक सहायता और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements