Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

अक्टूबर में आ सकती है पीएम किसान की 24वीं किस्त: आधार, बैंक खाते और जमीन के रिकॉर्ड में न रखें कोई गलती 

18 अक्टूबर 2026, नई दिल्ली: अक्टूबर में आ सकती है पीएम किसान की 24वीं किस्त: आधार, बैंक खाते और जमीन के रिकॉर्ड में न रखें कोई गलती – प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की 24वीं किस्त का किसानों को इंतजार है। अक्टूबर में किस्त जारी होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि केंद्र सरकार ने अभी तक इसे लेकर कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। ऐसे में किसानों को सरकारी अपडेट का इंतजार करना चाहिए। वहीं, किस्त का पैसा बिना किसी परेशानी के पाने के लिए किसानों को अपनी ई-केवाईसी, आधार, बैंक खाते और जमीन के रिकॉर्ड से जुड़ी जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए।

किसानों को हर साल मिलते हैं 6,000 रुपए

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। योजना का उद्देश्य किसानों को खेती से जुड़ी जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। योजना की 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी की गई थी। इसके बाद से किसान अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, 24वीं किस्त अक्टूबर में ही जारी होगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

किस्त पाने के लिए ई-केवाईसी जरूर जांचें

PM किसान योजना के लाभार्थियों को अपनी ई-केवाईसी की स्थिति जांच लेनी चाहिए। जिन किसानों की ई-केवाईसी अधूरी है, उन्हें इसे जल्द पूरा कराना चाहिए। ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर किस्त के भुगतान में परेशानी आ सकती है। किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से इसकी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

आधार और बैंक खाते की जानकारी सही रखें

किसानों को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि योजना में दर्ज आधार और बैंक खाते की जानकारी सही हो। बैंक खाता चालू होना चाहिए और भुगतान के लिए जरूरी आधार सीडिंग की स्थिति भी जांच लेनी चाहिए। यदि खाते में कोई गड़बड़ी है या आधार लिंकिंग से जुड़ी समस्या है, तो समय रहते बैंक से संपर्क करके उसे ठीक कराएं। इसके अलावा, किसानों को अपनी जमीन के रिकॉर्ड की जानकारी भी जांचनी चाहिए। भूमि रिकॉर्ड या योजना में दर्ज विवरण में गलती होने पर पात्रता के सत्यापन में परेशानी आ सकती है। ऐसी स्थिति में संबंधित राजस्व विभाग या कृषि कार्यालय से संपर्क कर जरूरी सुधार कराएं।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

घर बैठे ऐसे चेक करें किस्त का स्टेटस

किसान अपनी किस्त और आवेदन की स्थिति ऑनलाइन भी देख सकते हैं। इसके लिए नीचे दिए गए तरीके अपनाएं:

  • सबसे पहले PM किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://pmkisan.gov.in पर जाएं।
  • वेबसाइट पर ‘Know Your Status’ विकल्प चुनें।
  • मांगी गई जानकारी दर्ज करें।
  • इसके बाद स्क्रीन पर आवेदन और भुगतान से जुड़ी उपलब्ध जानकारी देख सकते हैं।
  • अगर स्टेटस में कोई कमी या समस्या दिखाई देती है, तो किसान संबंधित विभाग या सहायता केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

किस्त के नाम पर होने वाली ठगी से रहें सावधान

किस्त जारी होने से पहले किसानों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से भी सावधान रहना चाहिए। ई-केवाईसी कराने या किस्त दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वालों पर भरोसा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना OTP, बैंकिंग पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture