National News (राष्ट्रीय कृषि समाचार)

सबके प्रयासों से कृषि क्षेत्र में बेहतर नतीजे परिलक्षित हो रहे हैं- श्री तोमर

Share
वर्ष 2022-23 के लिए प्रमुख फसलों के उत्पादन का अंतिम अनुमान जारी

19 अक्टूबर 2023, नई दिल्ली: सबके प्रयासों से कृषि क्षेत्र में बेहतर नतीजे परिलक्षित हो रहे हैं- श्री तोमर – कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय ने वर्ष 2022-23 के लिए मुख्य फसलों के उत्पादन के अंतिम अनुमान जारी कर दिए हैं। इसके अनुसार, देश में कुल खाद्यान्‍न उत्‍पादन रिकॉर्ड 3296.87 लाख टन अनुमानित है, जो 2021-22 के 3156.16 लाख टन खाद्यान्न उत्‍पादन की तुलना में 140.71 लाख टन अधिक है। इसके अलावा, वर्ष 2022-23 के दौरान खाद्यान्‍न उत्‍पादन गत 5 वर्षों (2017-18 से 2021-22) के औसत खाद्यान्‍न उत्‍पादन की तुलना में 308.69 लाख टन अधिक है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने रिकॉर्ड खाद्यान्‍न उत्‍पादन पर कहा है कि हमारे किसान भाई-बहन लगातार कड़ी मेहनत कर रहे हैं, वहीं कृषि वैज्ञानिक व संस्थान भी बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं, साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि मंत्रालय द्वारा योजनाओं-कार्यक्रमों का सुचारू रूप से क्रियान्वयन हो रहा है, इस तरह सबके प्रयासों से कृषि क्षेत्र में रिकॉर्ड खाद्यान्‍न उत्‍पादन सहित बेहतर नतीजे परिलक्षित हो रहे हैं।

अंतिम अनुमान के अनुसार, 2022-23 के दौरान मुख्‍य फसलों के उत्‍पादन के आंकड़े ( लाख टन में ) इस प्रकार हैं – खाद्यान्‍न– 3296.87 ,चावल– 1357.55 , गेहूं– 1105.54 ,पोषक/मोटे अनाज–573.19 ,मक्‍का- 380.85 ,दलहन- 260.58 ,तूर- 33.12 ,चना- 122.67 ,तिलहन – 413.55 ,मूंगफली– 102.97 ,सोयाबीन– 149.85 , रेपसीड एवं सरसो– 126.43 ,गन्‍ना –4905.33 , कपास– 336.60 लाख गांठें (प्रति 170 कि. ग्रा.)पटसन एवं मेस्‍टा– 93.92 लाख गांठें (प्रति 180 कि. ग्रा.)।

वर्ष 2022-23 के दौरान चावल का कुल उत्पादन रिकॉर्ड 1357.55 लाख टन अनुमानित है। यह पिछले वर्ष के 1294.71 लाख टन चावल उत्पादन से 62.84 लाख टन एवं विगत पांच वर्षों के 1203.90 लाख टन औसत उत्पादन से 153.65 लाख टन अधिक है। इसी तरह वर्ष 2022-23 के दौरान गेहूं का कुल उत्पादन रिकॉर्ड 1105.54 लाख टन अनुमानित है। यह पिछले वर्ष के 1077.42 लाख टन गेहूं उत्पादन से 28.12 लाख टन एवं 1057.31 लाख टन औसत गेहूं उत्‍पादन की तुलना में 48.23 लाख टन अधिक है।

श्री अन्न (पोषक/मोटे अनाजों) का उत्पादन 573.19 लाख टन अनुमानित है, जो 2021-22 के दौरान प्राप्त 511.01 लाख टन उत्पादन की तुलना में 62.18 लाख टन अधिक है। इसके अलावा, यह औसत उत्पादन से भी 92.79 लाख टन अधिक है। श्री अन्न का उत्पादन 173.20 लाख टन अनुमानित है।वर्ष 2022-23 के दौरान कुल दलहन उत्पादन 260.58 लाख टन अनुमानित है ,जो विगत पांच वर्षों के 246.56 लाख टन औसत दलहन उत्पादन की तुलना में 14.02 लाख टन अधिक है।

2022-23 के दौरान देश में तिलहन उत्पादन रिकॉर्ड 413.55 लाख टन अनुमानित है जो 2021-22 के दौरान उत्पादन की तुलना में 33.92 लाख टन अधिक है। इसके अलावा, 2022-23 के दौरान तिलहनों का उत्पादन 340.22 लाख टन औसत तिलहन उत्पादन की तुलना में 73.33 लाख टन अधिक है। वर्ष 2022-23 के दौरान गन्‍ना उत्‍पादन 4905.33 लाख टन अनुमानित है। वर्ष 2022-23 के दौरान गन्ने का उत्पादन पिछले वर्ष के 4394.25 लाख टन गन्ना उत्पादन से 511.08 लाख टन अधिक है। कपास का उत्पादन 336.60 लाख गांठें (प्रति 170 किग्रा की गांठ) अनुमानित हैं, जो पिछले वर्ष के कपास उत्पादन की तुलना में 25.42 लाख गांठें अधिक है। पटसन एवं मेस्ता का उत्पादन 93.92लाख गांठें (प्रति 180 किग्रा की गांठ) अनुमानित हैं।

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम)

Share
Advertisements