Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

देश में तिलहनों का रकबा 22 फीसदी बढ़ा

अब तक रबी बोनी 558 लाख हेक्टेयर में हुई

  • (निमिष गंगराड़े)

23 दिसंबर 2021, नई दिल्ली। देश में तिलहनों का रकबा 22 फीसदी बढ़ा – चालू रबी सीजन में रबी की कुल बुवाई 558 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में हो गई है जो गत वर्ष इस अवधि में 545 लाख हेक्टेयर में हुई थी। देश में तिलहनी फसलों का रकबा निर्धारित लक्ष्य को पार कर गया है। अब तक लक्ष्य से 22 फीसदी अधिक रकबे में बोनी हो गई है।

कृषि मंत्रालय भारत सरकार के मुताबिक देश में तिलहनी फसलों का रकबा तेजी से बढ़ रहा है। 77.38 लाख हेक्टेयर लक्ष्य की तुलना में अब तक 91.75 लाख हेक्टेयर में तिलहनी फसलें बोयी जा चुकी हैं जो गत वर्ष की तुलना में लगभग 16.53 लाख हेक्टेयर अधिक है क्योंकि गत वर्ष अब तक 75.22 लाख हेक्टेयर में तिलहनी फसलें बोयी गई थीं। इस प्रकार तिलहनी फसलें 22 फीसदी अधिक क्षेत्र में बोई जा चुकी हैं। देश की प्रमुख तिलहनी फसल सरसों की बुवाई गत वर्ष की तुलना में लगभग 16.12 लाख हेक्टेयर अधिक है। अभी तक 84.23 लाख हे. में सरसों की बुवाई हो गई है। जबकि गत वर्ष इस अवधि में 68.11 लाख हेक्टेयर में सरसों बोई गई थी। अब तक 277.71 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई हो गई है। जबकि लक्ष्य 303.6 लाख हे. रखा गया है। गत वर्ष इस अवधि में गेहूं 280.15 लाख हेक्टेयर में बोया गया था। इस प्रकार लगभग 2.5 लाख हेक्टेयर कम क्षेत्र में गेहूं की बुवाई हुई है। वहीं धान की बोनी अब तक 11.92 लाख हेक्टेयर में हो गई है। जो गत वर्ष इस समय तक 11.44 लाख हेक्टेयर में हुई थी। वहीं मोटे अनाजों की बुवाई 39.54 लाख हेक्टेयर में कर ली गई है।

देश में दलहनी फसलों की बुवाई अब तक 137.19 लाख हेक्टेयर में हुई है। इसमें चने की बुवाई गत वर्ष की तुलना में लगभग 1.38 लाख हेक्टेयर अधिक है। गत वर्ष 96.60 लाख हे. में बोनी हो गई थी। जबकि इस वर्ष अब तक 98 लाख हेक्टेयर में चने की बोनी हो गई है। चने का सामान्य क्षेत्र 95.66 लाख हे. है। इसी प्रकार मटर की बोनी 8.87 लाख हेक्टेयर में एवं मसूर की बोनी 15.73 लाख हेक्टेयर में हुई है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile