State News (राज्य कृषि समाचार)Industry News (कम्पनी समाचार)

मध्य प्रदेश के निवेश सम्मेलन में हुई धनवर्षा

Share

15 लाख 42 हजार 500 करोड़ रुपए से अधिक के प्रस्ताव मिले

  • (विशेष प्रतिनिधि)

16 जनवरी 2023,भोपाल/इंदौर। मध्य प्रदेश के निवेश सम्मेलन में हुई धनवर्षा – म.प्र. की आर्थिक राजधानी एवं देश के सबसे स्वच्छ शहर इन्दौर में हुए प्रवासी भारतीय सम्मेलन की सफलता ने निवेश सम्मेलन के सफल होने की नींव रख दी थी। मजबूत नींव के अनुरूप म.प्र. का भव्य इमारत बनाने का सपना भी पूरा हो गया। राज्य में जमकर धनवर्षा हुई जिससे बेहतर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और प्रदेश तेजी से विकास पथ पर दौड़ेगा। निवेश सम्मेलन के सफल होने में 84 देशों के बिजनेस डेलीगेट, 10 पार्टनर देश, 35 देशों के दूतावासों के प्रतिनिधि, 5000 हजार व्यापारी बंधुओं ने अहम भूमिका निभाई। सभी क्षेत्रों में कुल 15 लाख 42 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक लागत के उद्योग लगाने के प्रस्ताव मिले, जिससे लगभग 29 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही प्रदेश में उद्योग लगाने के लिए 7 अहम् सूत्रों से सहयोग किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जहां म.प्र. को अजब, गजब एवं सजग बताया वहीं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं म.प्र. का सीईओ हूं।

मध्यप्रदेश अजब भी है, गजब भी है और सजग भी : प्रधानमंत्री

सम्मेलन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत की आजादी का अमृत काल शुरू हो चुका है। सभी पूरी गति से विकसित भारत के निर्माण में जुटे हैं। ऐसे में मध्यप्रदेश का सामर्थ्य और संकल्प निर्णायक भूमिका निभाएगा। आस्था, अध्यात्म से लेकर पर्यटन तक और कृषि, शिक्षा से लेकर दक्षता संवर्धन तक मध्यप्रदेश अजब भी है, गजब भी है और सजग भी। विकसित भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होगी। आगामी चार-पाँच वर्ष में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थ-व्यवस्था होगी। यह वैश्विक पटल पर भारत का दशक नहीं, बल्कि भारत की शताब्दी है।

श्री मोदी ने कहा कि भारत में निवेशकों के लिए प्रमोशन लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम लागू की गई है, जो अत्यधिक लोकप्रिय हो रही है। इस योजना में अभी तक ढ़ाई लाख करोड़ इंसेंटिव्स की घोषणा की गई है, चार लाख करोड़ का उत्पादन हुआ है। मध्यप्रदेश में भी इस योजना का लाभ लेते हुए सैकड़ों करोड़ का निवेश हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने निवेशकों से कहा कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लें। सूरीनाम के राष्ट्रपति श्री चंद्रिका प्रसाद संतोखी और गुयाना के राष्ट्रपति श्री मोहम्मद इरफान अली भी इन्वेस्टर समिट में आये।

मैं मध्यप्रदेश में सीईओ हूँ….

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वे मध्यप्रदेश के सीईओ के रूप में सदैव उपलब्ध हैं। मध्यप्रदेश देश का सबसे स्वच्छ राज्य है और इंदौर देश का स्वच्छतम शहर है। आज प्रदेश विकास की तरफ तेजी से बढ़ा है। प्रदेश की विकास दर देश में सर्वाधिक है। हम तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। भारत की जीडीपी में मध्यप्रदेश का विशेष स्थान है। समिट में ज़ी-20 के सारे देश आए हैं। 26 सौ से ज्यादा बीटूबी मीटिंग हुई, 200 से ज्यादा बीटूजी मीटिंग हुई जिनमें 5000 से ज्यादा व्यापारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

अलग-अलग हमारे सेशन 20 क्षेत्रों में हुए, वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम, वन-टू-वन मीटिंग

इंदौर अद्भुत है, मैं सचमुच में कहता हूं इंदौर से मध्य प्रदेश में निवेश का नया दौर प्रारंभ हो रहा है।  मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवेशकों को आश्वस्त किया कि आपके निवेश की एक पाई भी व्यर्थ नहीं जाने देंगे, टीम मध्य प्रदेश हर हालत में आपके साथ खड़ी रहेगी, कोई दिक्कत नहीं आने देंगे। हम आपको ऐसा वातावरण देंगे, आप खुद आगे भी निवेश बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित होंगे। उन्होंने अपनी 7 सूत्रीय रणनीति को भी विस्तार से बताया।

केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि मध्य प्रदेश तेजी से विकास की दिशा तय कर रहा है और हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, यही कारण है कि 2023 की ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में देश के जाने-माने उद्योगपतियों ने शिरकत की है, साथ ही दुनिया के 84 देशों के प्रतिनिधियों ने भी इसमें हिस्सा लिया, यह हम सब के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि म.प्र. का नागरिक और केंद्र का मंत्री होने के नाते मैं विश्वास दिलाना चाहता हूं कि म.प्र. के पीछे केंद्र और प्रधानमंत्री का नेतृत्व खड़ा हुआ है।

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने अमेरिका से समिट में वर्चुअली जुड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विकास के लिए अर्थ-व्यवस्था की गति को तेज करने का कार्य किया है। मध्यप्रदेश में औद्योगीकीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। मुझे आशा है मध्यप्रदेश देश की अर्थ-व्यवस्था को गति प्रदान करेगा।

आदित्य बिरला ग्रुप के श्री कुमार मंगलम ने कहा कि मध्यप्रदेश की भौगोलिक स्थिति प्रदेश को निवेश की दृष्टि से सभी रूप से उपयुक्त बनाती है। हमारे समूह के प्रदेश से ऐतिहासिक संबंध है। समूह का 60 हजार करोड़ रूपये का निवेश प्रदेश में है। औद्योगिक नीति तथा स्टार्टअप भविष्य में निवेश की दृष्टि से उपयुक्त हैं।

जेएसडब्ल्यू ग्रुप के श्री पार्थ मित्तल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हमें प्रदेश में निवेश के लिए प्रेरित किया है। हमारे समूह की प्रदेश में 4500 करोड़ रूपये के निवेश की योजना है। इसके अंतर्गत पन्ना में सीमेंट प्लांट और पीथमपुर में 1500 करोड़ की लागत से पेंट की इकाई लगाई जा रही है।

रिलायंस ग्रुप के श्री निखिल आर. मेसवानी ने कहा कि दिसम्बर 2023 तक प्रदेश की सभी तहसीलों में 5जी की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। किफायती डिजिटल सुविधाओं से छात्रों, किसानों और आम आदमी को लाभ होगा। रिलायंस ग्रुप राज्य में अब तक 22 हजार 500 करोड़ का निवेश कर चुका है तथा 40 हजार करोड़ के निवेश की योजना है।

अडानी ग्रुप के श्री प्रणव अडानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ईज ऑफ डूईंग बिजनेस में विभिन्न राज्यों में प्रतिस्पर्धी वातावरण निर्मित किया है। मध्यप्रदेश इसमें अग्रणी राज्यों में है। अडानी समूह 60 हजार करोड़ रूपये का निवेश करने जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर निर्मित होंगे। समूह द्वारा धार, गुना, दमोह, उज्जैन और इंदौर में फूड पार्क स्थापित किए जा रहे हैं।

गोदरेज समूह के श्री नादिर गोदरेज ने मध्यप्रदेश में गोदरेज समूह की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।

किस क्षेत्र में कितने निवेश के प्रस्ताव

मालवा निमाड़:          6 लाख 95 हजार 258 करोड़ रुपए

रीवा-शहडोल:           2 लाख 88 हजार 179 करोड़ रुपए

जबलपुर-सागर:         2 लाख 41 हजार 898 करोड़ रुपए

भोपाल-नर्मदापुरम:    1 लाख 65 हजार 59 करोड़ रुपए

ग्वालियर-चम्बल :     1 लाख 52 हजार 147 करोड़ रुपए

उर्वरक उत्पादन से लेकर स्ट्राबेरी और ब्लू-बेरी उत्पादन के प्रस्ताव

मुख्यमंत्री श्री चौहान से वन-टू-वन चर्चा में कृष्णा फॉस्केम लिमिटेड के श्री पंकज ओस्टवाल ने झाबुआ में 200 हेक्टेयर भूमि पर 5100 करोड़ के निवेश से उर्वरक और कृषि रसायन की 7 इकाइयों की स्थापना संबंधी कार्य-योजना पर बातचीत की। टेक्समो पाइप्स एण्ड प्रोडक्ट्स लिमिटेड के श्री संजय कुमार ने पीथमपुर में 130 करोड़ की लागत से 18 एकड़ भूमि पर एथनॉल संयंत्र की परियोजना की जानकारी दी। आबूधाबी की ई-20 इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के श्री परमेन्द्र गर्ग ने स्ट्राबेरी, ब्लू-बेरी की खेती, उनके प्र-संस्करण तथा वैश्विक स्तर पर वितरण के संबंध में प्रस्ताव दिया तथा भौगोलिक रूप से अनुकूल भूमि आवंटित करने का निवेदन किया।

निवेशकों के टॉप 3 क्षेत्र

क्षेत्र                                              राशि                                    संभावित रोजगार

नवकरणीय ऊर्जा            6 लाख 9 हजार 478 करोड़ रु.            11 लाख 84 हजार 954

शहरी अधोसरंचना          2 लाख 80 हजार 753 करोड़ रु.         4 लाख 50 हजार 127

खाद्य और कृषि प्रसंस्करण    1 लाख 6 हजार 149 करोड़ रु.       2 लाख 20 हजार 160

महत्वपूर्ण खबर: दलहनी फसल गडमल को नई पहचान दिलाने में जुटे वैज्ञानिक

Share
Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *