Ad DesktopAd TabletAd Mobile
कृषि कंपनी समाचार (Industry News)

बेहतर रबी की उम्मीद में मांग बढ़ी

ट्रैक्टर बिक्री में सुधार के संकेत

नई दिल्ली। वित्तीय वर्ष 2019-20 के प्रारम्भ में जिस मानसून के कारण टै्रक्टर बाजार में गिरावट देखी गई, उसी मानसून से बेहतर रबी की उम्मीद में बरसात में टै्रक्टर की मांग में तेजी से वृद्धि देखी जा रही है। पूरे देश में व्यापक मानसूनी वर्षा से खरीफ की फसलें आशानुकूल नहीं हुई। जिसके कारण टै्रक्टर बाजार में निराशा की लहर थी। लेकिन इस वित्तीय वर्ष की अंतिम तिमाही में इसमें सुधार दिख रहा है। जनवरी 2020 में भारतीय टै्रक्टर बाजार में जनवरी 2019 की तुलना में 4.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इस वृद्धि में दक्षिण भारत की प्रमुख हिस्सेदारी है।

उत्तरी भारत में वर्तमान रबी फसलें बेहतर स्थिति में हैं। टै्रक्टर बाजार के विशेषज्ञों का अनुमान है कि जैसे-जैसे रबी फसलों की कटाई का समय नजदीक आयेगा बाजार में और अधिक तेजी आयेगी। जनवरी 2020 में टै्रक्टर कम्पनियों ने मिला-जुला प्रदर्शन किया। इस माह में सकारात्मक प्रदर्शन करने वाली कम्पनियों में महिन्द्रा एण्ड महिंद्रा, एस्कॉर्ट्स, जॉन डियर, कुबोटा, इण्डोफार्म प्रमुख है। वहीं टैफे, न्यू हॉलैण्ड, सोनालीका, प्रीत टै्रक्टर्स बाजार के सकारात्मक माहौल का लाभ उठाने में असफल रही।

फरवरी में भी महिन्द्रा और एस्कॉर्ट्स की बिक्री बढ़ी: महिन्द्रा एण्ड महिंद्रा द्वारा जारी ट्रैक्टर बिक्री के आंकड़ों के अनुसार कम्पनी ने फरवरी 2020 में अपनी वृद्धि यात्रा को जारी रखते हुए घरेलू बाजार में 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। कम्पनी ने फरवरी माह में 21 हजार 887 ट्रैक्टरों की बिक्री की जबकि पिछले साल इसी अवधि में 18 हजार 105 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई थी। महिंद्रा ने घरेलू और विदेशी बाजार मिलाकर कुल 22 हजार 561 ट्रैक्टरों का विक्रय किया। इसी तरह एस्कार्ट्स के आंकड़ों के अनुसार उसने 8 हजार 049 ट्रैक्टरों के विक्रय के साथ 16.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। कम्पनी ने फरवरी 2019 में 6 हजार 918 ट्रैक्टरों का विक्रय किया था।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें