Ad DesktopAd TabletAd Mobile
फसल की खेती (Crop Cultivation)

राजस्थान में अभी तक एमएसपी पर 2 लाख 92 हजार टन गेहूं खरीद हुई

22 अप्रैल 2021, जयपुर । राजस्थान  में अभी तक एमएसपी पर 2 लाख 92 हजार टन गेहूं खरीद हुई – प्रदेश में रबी विपणन वर्ष 2021- 22 में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद क्रय केंद्रों पर सुचारु रुप से की जा रही है । अभी तक खाद्य विभाग द्वारा महज 19 दिनों में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 2 लाख 92 हजार 925 मैट्रिक टन गेहूं की खरीद की गयी है। 

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के शासन सचिव श्री नवीन जैन ने बताया कि प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद के लिए 386 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर भारतीय खाद्य निगम ने 2 लाख 11 हजार 496, तिलम संघ ने 27 हजार 510, राजफेड ने 34 हजार 924 एवं नैफेड ने 18 हजार 993 मैट्रिक टन गेहूं की खरीद अभी तक की है। उन्होंने बताया कि अभी तक मंडियों में 3 लाख 76 हजार 028  मैट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है जिसमें से विभाग द्वारा महज 19 दिनों में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर  2 लाख 92 हजार 925 मैट्रिक टन गेहूं की खरीद कर ली गई है।उन्होंने बताया कि  मुख्य रूप से कोटा एवं बीकानेर संभाग में गेहूं की खरीद कार्य जारी है।

’गेहूं क्रय केंद्रों पर कोरोना गाइडलाइन का शत प्रतिशत हो पालन

शासन सचिव ने बताया कि कोविड 19 वायरस के संक्रमण को ध्यान में रखते हुए गेहूं क्रय केंद्रों पर कोरोना गाइडलाइन की शत-प्रतिशत पालना की जाए। इस संबंध में विभाग द्वारा क्रय केंद्रों पर मास्क पहनने, सामाजिक दूरी, बार-बार सैनिटाइजर करना एवं थर्मल स्क्रीनिंग आदि के बारे में विस्तार पूर्वक दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि किसानों के मंडी परिसर से बाहर आवागमन माल सत्यापन एवं जाते समय बिक्री की रसीद के सत्यापन के बारे में भी दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश में रबी विपणन वर्ष 2021 -22 के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य 1 हजार 975 प्रति क्विंटल के हिसाब से 22 लाख मैट्रिक टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। 

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें