राज्य कृषि समाचार (State News)

विदिशा : मंडी प्रांगण के बाहर कृषि उपज की तौल पर होगी सख्त कार्रवाई

06 जुलाई 2026, विदिशा: विदिशा : मंडी प्रांगण के बाहर कृषि उपज की तौल पर होगी सख्त कार्रवाई – कृषि उपज मंडी समिति विदिशा के भारसाधक पदाधिकारी के निर्देशों के पालन में कृषि उपज मंडी समिति द्वारा मंडी क्षेत्र में कृषि उपज की तौल व्यवस्था को लेकर सख्ती बरती जा रही है। मंडी प्रशासन ने सभी कृषकों एवं व्यापारियों से स्पष्ट कहा है कि नवीन मंडी प्रांगण में कृषि उपज की नीलामी के बाद सभी प्रकार की कृषि उपज की तौल अनिवार्य रूप से मंडी प्रांगण के भीतर ही कराई जाए।

मंडी प्रशासन ने निर्देश जारी करते हुए बताया कि मंडी प्रांगण के बाहर स्थित निजी मिलों, गोदामों, वेयरहाउस अथवा निर्धारित तौल स्थल के अतिरिक्त किसी अन्य स्थान पर कृषि उपज की तौल करना मंडी नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध मंडी अधिनियम एवं उपविधियों के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मंडी प्रशासन द्वारा गठित जांच दल लगातार निरीक्षण एवं निगरानी कर रहा है।

मंडी सचिव श्रीमती  नीलकमल वैद्य ने बताया है कि हाल ही में प्राप्त शिकायतों के आधार पर दो फर्मों द्वारा मंडी प्रांगण के बाहर कृषि उपज की तौल किए जाने की सूचना मिलने पर जांच दल ने संबंधित प्रतिष्ठानों एवं गोदामों का स्टॉक निरीक्षण किया। जांच के उपरांत संबंधित फर्मों को कारण बताओ/सूचना पत्र जारी कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई प्रारंभ की गई है।

मंडी समिति ने सभी कृषकों, व्यापारियों, हम्मालों एवं मंडी से जुड़े अन्य हितधारकों से अपील की है कि वे मंडी के निर्धारित नियमों का पालन करें तथा कृषि उपज की तौल केवल मंडी प्रांगण में ही कराएं। इससे व्यापारिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी, किसानों के हित सुरक्षित रहेंगे तथा मंडी व्यवस्था सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो सकेगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture