नरसिंहपुर के 2 किसानों ने अंतरराष्ट्रीय एग्रीवोल्टिक्स सम्मेलन में लिया हिस्सा, सीखी आधुनिक तकनीकें
27 अक्टूबर 2026, नरसिंहपुर: नरसिंहपुर के 2 किसानों ने अंतरराष्ट्रीय एग्रीवोल्टिक्स सम्मेलन में लिया हिस्सा, सीखी आधुनिक तकनीकें – कृषि एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 से 23 अक्टूबर 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में Powering the Global South की थीम पर आयोजित सातवें एग्रीवोल्टिक्स विश्व सम्मेलन-2026 में नरसिंहपुर जिले के दो किसानों ने सहभागिता की। आत्मा नरसिंहपुर के माध्यम से किसानों को इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने का अवसर मिला।
सम्मेलन में विकासखंड गोटेगांव के ग्राम खमरिया निवासी नर्मदा प्रसाद दुबे (बीआरसी) तथा विकासखंड चांवरपाठा के कृष्ण कुमार वर्मा (बीआरसी) शामिल हुए। दोनों किसानों ने कृषि एवं सौर ऊर्जा के समन्वय से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
खेती के साथ सौर ऊर्जा उत्पादन की तकनीक पर मंथन
सम्मेलन में एग्रीवोल्टिक्स तकनीक प्रमुख चर्चा का विषय रही। इस तकनीक के अंतर्गत कृषि भूमि पर सौर पैनल स्थापित कर उनके नीचे या बीच उपलब्ध स्थान में फसलों की खेती की जा सकती है। इससे भूमि का दोहरा उपयोग संभव होता है और किसानों के लिए कृषि के साथ सौर ऊर्जा उत्पादन के माध्यम से अतिरिक्त आय के अवसर विकसित हो सकते हैं।सम्मेलन में कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं, शोधकर्ताओं, उद्योग प्रतिनिधियों एवं किसानों ने भाग लिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इसमें प्रतिनिधियों,विदेश से आए प्रतिभागियों और 40 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने अपनी सहभागिता दी।
आधुनिक कृषि तकनीकों एवं जलवायु अनुकूल खेती पर चर्चा
सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में फसल उत्पादन बढ़ाने, जल संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, कृषि भूमि के बेहतर उपयोग तथा नवीकरणीय ऊर्जा को कृषि से जोड़ने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। सौर पैनलों की विभिन्न संरचनाओं, फसलों की वृद्धि एवं पैदावार पर उनके प्रभाव, कृषि आय तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई।इसके साथ ही छोटे एवं सीमांत किसानों की जरूरतों के अनुरूप एग्रीवोल्टिक्स मॉडल विकसित करने, कृषि उत्पादकता बनाए रखने और किसानों के लिए आय के अतिरिक्त स्रोत उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
किसानों को नवीन तकनीकों की जानकारी का अवसर
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में जिले के किसानों की सहभागिता से उन्हें कृषि एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों को समझने का अवसर मिला। ऐसी पहल से किसानों में आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने में मदद मिल सकती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


