Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

राजस्थान में स्वच्छ भारत मिशन, राजीविका और मनरेगा मिलकर काम करेंगे

गोबरधन योजना को सफल बनाने के प्रयास जारी

31 दिसम्बर 2022, जयपुर । राजस्थान में स्वच्छ भारत मिशन, राजीविका और मनरेगा मिलकर काम करेंगे – स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) सोसायटी की कार्यकारी परिषद की प्रथम बैठक का आयोजन शासन सचिवालय स्थित एसएसओ भवन के सभागार में कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष एवं ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अभय कुमार की अध्यक्षता में हुआ। बैठक मेें स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, मनरेगा एवं राजीविका के आपसी समन्वय एवं कन्वर्जेंस से गोबरधन योजना में गोबरगैस के प्लांट का मॉडल बनाए जाने का निर्णय एवं राजीविका के विलेज गु्रप के माध्यम से घर-घर कचरा संग्रहण कार्य के मॉडल का जीवंत प्रशिक्षण दिए जाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श हुआ।

अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अभय कुमार ने कहा कि पूर्व में गोपालन विभाग द्वारा बनवाए गए कई गोबरगैस प्लांट आज भी सफलता से चल रहे हैं। फील्ड विजिट के जरिए ऐसे किसी सफल प्लांट का अवलोकन करवाकर ग्रामीणों को इस योजना के लिए प्रेरित किया जा सकता है। पंचायती राज विभाग के शासन सचिव श्री नवीन जैन ने कहा कि गोबरधन योजना की सफलता के लिए डेयरी के बजाय गांव के आम पशुपालकों को जोडऩा अधिक आवश्यक है। ग्रामीण विकास विभाग की शासन सचिव श्रीमती मंजू राजपाल ने छत्तीसगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि अधिक पशु संख्या वाले जिलों में कार्यरत सीएलएफ एवं प्रोड्यूसर गु्रप के माध्यम से इस योजना में एसबीएम और मनरेगा के सहयोग से काम किया जा सकता है। साथ ही प्लांट का निर्माण करने वाले ग्रामीणों में गैस वितरण का फार्मूला तय कर मॉडल को वायबल बनाया जा सकता है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

श्री अभय कुमार ने राजीविका के विलेज संगठन के सहयोग से विराटनगर ब्लॉक के जवानपुरा गांव में एमओयू के बाद बेहतर ठोस कचरा प्रबंधन के मॉडल को अन्य ग्राम पंचायतों में राजीविका के स्थानीय विलेज संगठनों के माध्यम से दोहराने के लिए सरपंचों को प्रशिक्षण दिए जाने के निर्देश दिए।  परिषद की इस प्रथम बैठक के प्रारम्भ में मिशन निदेशक स्वच्छ भारत (ग्रामीण) श्री प्रताप सिंह ने सभी सदस्यों को सोसायटी के उद्देश्यों एवं नियमावली की जानकारी दी। साथ ही मिशन के अन्तर्गत किए जा रहे कार्यों, उनके ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन, घर-घर कचरा संग्रहण, सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालय, गोबरधन, मलीय कीचड़ प्रबन्धन जैसे विभिन्न घटकों, उनकी वित्तीय एवं भौतिक प्रगति आदि की जानकारी दी।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

बैठक में समग्र शिक्षा अभियान, एनएचएम, महिला अधिकारिता विभाग, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, यूनिसेफ एवं अन्य विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

महत्वपूर्ण खबर: स्वाईल हेल्थ कार्ड के आधार पर ही फर्टिलाइजर डालें