राज्य कृषि समाचार (State News)

किसानों की शिकायत पर डबल लॉक केंद्रों का औचक निरीक्षण, अनियमितताओं की जांच शुरू

18 जुलाई 2026, पांढुर्णाकिसानों की शिकायत पर डबल लॉक केंद्रों का औचक निरीक्षण, अनियमितताओं की जांच शुरू – जिले में उर्वरक वितरण को लेकर किसानों की शिकायतों के बाद नवागत उप संचालक कृषि श्री मोरिस नाथ ने पांढुर्णा एवं सौसर स्थित मार्कफेड के डबल लॉक उर्वरक वितरण केंद्रों का संयुक्त टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उर्वरक स्टॉक, वितरण व्यवस्था एवं अभिलेखों की जांच की गई।

किसानों का आरोप था कि शासन द्वारा हाल ही में उर्वरकों की नई दरें घोषित किए जाने के बावजूद डबल लॉक केंद्र पर उपलब्ध पुराना स्टॉक निर्धारित पुरानी दरों पर देने के बजाय पोटाश एवं एनपीके कॉम्प्लेक्स उर्वरक नई और अधिक कीमतों पर बेचे गए। किसानों ने यह भी शिकायत की कि उर्वरक वितरण के समय उन्हें बिल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा थl ।

शिकायतों में यह मुद्दा भी सामने आया कि केंद्र पर डिजिटल भुगतान की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिससे किसानों को नकद भुगतान के लिए विवश होना पड़ रहा था। किसानों का कहना है कि इससे पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े होते हैं।

निरीक्षण के दौरान उपसंचालक कृषि ने उपलब्ध उर्वरकों की भौतिक स्थिति एवं वितरण अभिलेखों का परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डबल लॉक केंद्रों पर उपलब्ध उर्वरकों का शत-प्रतिशत विवरण ई-विकास पोर्टल पर समय पर दर्ज किया जाए तथा वितरण से संबंधित सभी अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित किया जाए।

श्री मोरिस नाथ ने कृषक जगत को बताया कि किसानों की शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाएगी और यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरक वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना तथा किसानों को निर्धारित दरों पर समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture