Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

बारिश में भी नहीं रुकेगा गन्ने की फसल का उपचार, सहारनपुर मंडल में 36 ड्रोन तैनात

31 अगस्त 2026, सहारनपुर: बारिश में भी नहीं रुकेगा गन्ने की फसल का उपचार, सहारनपुर मंडल में 36 ड्रोन तैनात – बरसात के मौसम में खेतों में जलभराव के कारण गन्ना किसानों को फसल में कीटनाशक, दवाओं और पोषक तत्वों का छिड़काव करने में परेशानी होती है। किसानों की इस समस्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश के गन्ना विभाग ने सहारनपुर मंडल में 36 ड्रोन तैनात किए हैं। इनके माध्यम से जलभराव वाले खेतों में भी गन्ने की फसल पर जरूरी दवाओं और पोषक तत्वों का छिड़काव कराया जाएगा।

ये ड्रोन सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जिलों की गन्ना सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को उपलब्ध कराए गए हैं। विभाग का उद्देश्य बारिश के दौरान फसल में होने वाली बीमारियों और पोषक तत्वों की कमी से बचाव करना है। ड्रोन की मदद से किसानों को पानी से भरे खेतों में उतरकर छिड़काव करने की जरूरत नहीं होगी।

गन्ना विभाग के अनुसार, एक ड्रोन करीब पांच मिनट में एक एकड़ खेत में छिड़काव कर सकता है। ऐसे में बारिश रुकने के थोड़े समय में ही बड़े क्षेत्र में फसल का उपचार संभव होगा। विभाग का कहना है कि यदि छिड़काव के कुछ समय बाद बारिश की संभावना हो तो दवा के घोल में स्टिकर मिलाया जा सकता है, जिससे बारिश के बावजूद दवा का प्रभाव फसल पर अधिक समय तक बना रहे।

उप गन्ना आयुक्त ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए गन्ना सहकारी समितियों के माध्यम से विभिन्न कृषि मशीनों की व्यवस्था की गई है। जलभराव के दौरान फसल में बीमारी या पोषक तत्वों की कमी होने पर ड्रोन से छिड़काव कराया जा सकता है।

किसानों से नहीं लिया जाएगा अतिरिक्त शुल्क

विभाग के मुताबिक किसानों को ड्रोन सेवा और आवश्यक कृषि सामग्री के लिए अलग से भुगतान नहीं करना होगा। संबंधित गन्ना सहकारी समितियां किसानों को यह सुविधा उपलब्ध कराएंगी। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को अपने नजदीकी गन्ना सहकारी समिति से संपर्क करना होगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture