Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

पराली बनी कमाई का जरिया: बालाघाट के किसान ने बेलर मशीन से बदल दी खेती की तस्वीर, अब हो रही अतिरिक्त आमदनी

11 नवंबर 2026, बालाघाट: पराली बनी कमाई का जरिया: बालाघाट के किसान ने बेलर मशीन से बदल दी खेती की तस्वीर, अब हो रही अतिरिक्त आमदनी – धान की कटाई के बाद खेतों में बचने वाली पराली कभी किसानों के लिए मुसीबत मानी जाती थी। इससे छुटकारा पाने के लिए किसान अक्सर खेतों में ही आग लगा देते थे। लेकिन अब आधुनिक कृषि तकनीक ने इसी पराली को कमाई का जरिया बना दिया है। बालाघाट जिले के लालबर्रा विकासखंड अंतर्गत ग्राम घोटी के प्रगतिशील किसान तिरथसिंह बिसेन ने इसकी मिसाल पेश की है। उन्होंने पराली प्रबंधन की चुनौती को अवसर में बदलते हुए बेलर मशीन खरीदी है। अब वे न केवल अपने खेत की पराली से बंडल तैयार कर रहे हैं, बल्कि आसपास के किसानों को किराये पर मशीन उपलब्ध कराकर अतिरिक्त आमदनी भी अर्जित कर रहे हैं।

बालाघाट जिले में बड़े पैमाने पर धान की खेती होती है। इन दिनों धान की कटाई का कार्य शुरू हो चुका है। कटाई के बाद खेतों में बड़ी मात्रा में पैरा (पराली) बच जाती है, जिसका उचित प्रबंधन करना किसानों के लिए चुनौती रहता है। ऐसे में बेलर मशीन किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रही है। यह मशीन खेतों में बिखरे फसल अवशेषों को एकत्रित कर उनके व्यवस्थित बंडल तैयार करती है। इससे एक ओर खेतों में पराली जलाने की जरूरत नहीं पड़ती, वहीं दूसरी ओर पराली का उपयोग और व्यावसायिक महत्व भी बढ़ रहा है।

एक एकड़ में तैयार करते हैं 35 से 40 बंडल

बी-पैक्स समिति घोटी के सदस्य किसान तिरथसिंह बिसेन ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बालाघाट की शाखा लालबर्रा के माध्यम से मध्यमकालीन ऋण योजना का लाभ लेकर बेलर मशीन खरीदी है। तिरथसिंह बताते हैं कि पहले धान की कटाई के बाद खेतों से पैरा हटाने के लिए मजदूरों की समस्या का सामना करना पड़ता था। कई बार पराली का निपटान करना भी मुश्किल हो जाता था। अब बेलर मशीन ने यह काम आसान कर दिया है। वे एक एकड़ खेत में मशीन की मदद से लगभग 35 से 40 बंडल तैयार कर लेते हैं। अपने खेतों में उपयोग के साथ ही वे आसपास के किसानों के खेतों में भी किराये पर मशीन भेज रहे हैं। इससे उन्हें अतिरिक्त आय हो रही है और दूसरे किसानों को भी पराली प्रबंधन की सुविधा मिल रही है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

कलेक्टर की अपील से मिली प्रेरणा

कलेक्टर एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के प्रशासक आदित्य सिंह द्वारा किसानों को लगातार पराली नहीं जलाने तथा इसके बेहतर प्रबंधन के लिए जागरूक किया जा रहा है। उनकी इस पहल से प्रेरित होकर तिरथसिंह ने बेलर मशीन खरीदने का निर्णय लिया। कलेक्टर सिंह ने बताया कि बेलर मशीन आधुनिक कृषि यंत्र है, जो फसल कटाई के बाद खेतों में बचे अवशेषों को व्यवस्थित बंडलों में बदल देती है। इससे पराली जलाने की समस्या कम होगी और किसानों को आर्थिक लाभ भी मिल सकेगा। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि यंत्रों को अपनाकर पराली प्रबंधन करने की अपील की है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

पराली अब बेकार नहीं, आय का नया साधन

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ अभिनव सिंह बघेल ने बताया कि पहले किसान पराली को फसल का अनुपयोगी हिस्सा मानकर जला देते थे। इससे पर्यावरण प्रदूषित होने के साथ खेतों की मिट्टी को भी नुकसान पहुंचता है। लेकिन आधुनिक तकनीक के उपयोग से अब यही पराली किसानों के लिए आय का नया साधन बन रही है। बी-पैक्स समिति घोटी के सदस्य तिरथसिंह बिसेन ने मध्यमकालीन ऋण योजना के माध्यम से बेलर मशीन खरीदकर यह साबित किया है कि कृषि में नई तकनीक अपनाकर खेती के साथ अतिरिक्त व्यवसाय भी किया जा सकता है। सहकारी बैंक के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे खेती को अधिक लाभकारी बना सकें।

तिरथसिंह बिसेन की यह पहल जिले के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी कहानी बताती है कि जिस पराली को कभी किसान खेतों से हटाने के लिए परेशानी मानते थे, वही अब अतिरिक्त कमाई का साधन बन सकती है। जरूरत है तो बस सोच बदलने और आधुनिक तकनीक अपनाने की।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture