सीधी : धान मिलिंग में अनियमितता पर मिलर्स के विरुद्ध प्राथमिकी के निर्देश
17 सितंबर 2026, सीधी: सीधी : धान मिलिंग में अनियमितता पर मिलर्स के विरुद्ध प्राथमिकी के निर्देश – प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि बजरंग इण्डस्ट्रीज, ग्राम हटवा, तहसील सिहावल के प्रोपराइटर अमन यादव पिता धनीराम यादव द्वारा वर्ष 2025-26 में धान मिलिंग के लिए कुल 361 लॉट का अनुबंध किया गया था। एक लॉट में 433 क्विंटल धान निर्धारित था। इसके विरुद्ध जिला प्रबंधक कार्यालय द्वारा 285 लॉट के लिए डिलीवरी ऑर्डर जारी किया गया।
मिलर्स द्वारा डिलीवरी ऑर्डर के अनुपात में धान की पूरी मात्रा का उठाव किया गया, लेकिन उठाए गए धान के विरुद्ध अब तक केवल 44 लॉट चावल जमा कराया गया है। एक लॉट में 290 क्विंटल चावल निर्धारित है। इस प्रकार 241 लॉट चावल, जिसकी आर्थिक लागत 27.68 करोड़ रुपये है, 15 सितम्बर 2026 तक जमा नहीं कराया गया। जिला प्रबंधक द्वारा प्रस्तुत जानकारी के अनुसार मिलर्स की ओर से निगम के समक्ष 14 करोड़ रुपये की एफडीआर प्रस्तुत की गई थी। इसकी जांच संबंधित बैंक, भारतीय स्टेट बैंक शाखा सीधी से कराई गई। बैंक जांच में प्रस्तुत एफडीआर कूट रचित एवं फर्जी पाई गई।
कारण बताओ सूचना पत्रजारी, प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश– प्रकरण में जिला प्रबंधक, मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन लिमिटेड, जिला सीधी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। साथ ही बजरंग इण्डस्ट्रीज के प्रोपराइटर अमन यादव के विरुद्ध संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान मिलिंग एवं शासकीय उपार्जन से संबंधित अनियमितताओं में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। शासकीय हितों की सुरक्षा और उपार्जित धान-चावल की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रकरणों की लगातार निगरानी की जा रही है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

