राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

बिहार में बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे मंत्री शिवराज सिंह, किसानों से मिलकर फसल नुकसान का लिया जायजा  

17 सितंबर 2026, नई दिल्ली: बिहार में बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे मंत्री शिवराज सिंह, किसानों से मिलकर फसल नुकसान का लिया जायजा – बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उन्होंने वैशाली जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत कर फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली।

वैशाली में खेतों तक पहुंचकर देखा बाढ़ का असर

शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली के तेरसिया और सरायपुर गांवों का दौरा किया। बाढ़ प्रभावित इलाकों तक पहुंचने के लिए नाव और ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान खेतों में जलभराव और फसलों को हुए नुकसान की स्थिति देखी गई। दोनों ने किसानों से उनकी समस्याओं और फसल नुकसान को लेकर जानकारी ली।

फसल नुकसान का होगा आकलन

दौरे के दौरान बाढ़ से प्रभावित किसानों की फसलों के नुकसान का आकलन प्रमुखता से किया जा रहा है। किसानों से यह जानकारी ली जा रही है कि उनकी कौन-कौन सी फसल प्रभावित हुई और बाढ़ के कारण खेती से जुड़ी किन समस्याओं का सामना करना पड़ा। अधिकारियों की टीम भी नुकसान का आकलन कर रही है, ताकि प्रभावित किसानों को राहत और सहायता देने के लिए स्थिति की सही जानकारी मिल सके।

15 जिलों में लाखों लोग प्रभावित

बिहार के 15 जिले बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं। इनमें पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अररिया शामिल हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार करीब 49.67 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में बारिश और बिहार में हुई तेज बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ा है। कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।

राहत और बचाव कार्यों की होगी समीक्षा

शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे। बैठक में बाढ़ की स्थिति, प्रभावित लोगों की मदद और किसानों को हुए नुकसान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके बाद मुंगेर के नवाबगढ़ी राहत शिविर और भागलपुर के राहत शिविर सहित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने का कार्यक्रम है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture