सागर: उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं पर मिल रहा अनुदान
18 जुलाई 2026, सागर: सागर: उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं पर मिल रहा अनुदान – उद्यानिकी विभाग द्वारा एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत किसानों को बागवानी, सब्जी, पुष्प, मसाला, संरक्षित खेती, जैविक खेती, कृषि यंत्रीकरण एवं फसलोत्तर प्रबंधन से संबंधित विभिन्न घटकों पर 40 से 50 प्रतिशत तक का अनुदान प्रदान किया जा रहा है। विभाग ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि वे शासन की इन लाभकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
योजना के अंतर्गत आम, अमरूद, लीची, अनार एवं नींबू वर्गीय फलों के नए बगीचों की स्थापना पर सामान्य दूरी के लिए प्रति हेक्टेयर 50 हजार रुपये तथा उच्च घनत्व बगीचों के लिए 80 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। वहीं हाईब्रिड सब्जियों की खेती पर प्रति हेक्टेयर 24 हजार रुपये तथा खुली परागण वाली प्याज एवं अन्य सब्जियों पर 20 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर का अनुदान मिलेगा।पुष्प क्षेत्र विस्तार के तहत कट फ्लावर पर 50 हजार रुपये, बल्बस एवं राइजोमैटिक पुष्पों पर एक लाख रुपये तथा खुले पुष्पों की खेती पर 20 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर का अनुदान निर्धारित किया गया है।
बीजीय मसालों की खेती पर भी 20 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की सहायता उपलब्ध रहेगी।संरक्षित खेती के अंतर्गत शेडनेट हाउस, पॉलीहाउस में उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती, मल्चिंग, फेंसिंग तथा फ्रूट/बंच कवर जैसी गतिविधियों पर 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए वर्मी कम्पोस्ट यूनिट, वर्मी बेड, जैविक प्रमाणन तथा भारत जीएपी जैसी गतिविधियों पर भी अनुदान का प्रावधान है।कृषि यंत्रीकरण के अंतर्गत ट्रैक्टर, पावर टिलर, पावर नैपसैक स्प्रेयर सहित विभिन्न कृषि यंत्रों पर पात्रता के अनुसार 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा फसलोत्तर प्रबंधन के तहत प्याज एवं लहसुन भंडारण संरचना पर भी 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध रहेगा।इच्छुक किसान उद्यानिकी विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक की छायाप्रति, खसरा की नकल, आधार कार्ड, अनुसूचित जाति/जनजाति के लिए जाति प्रमाण-पत्र तथा मोबाइल नंबर आवश्यक हैं।ऑनलाइन पंजीयन के लिए किसान इस लिंक पर आवेदन कर सकते हैं https://mpfsts.mp.gov.in/mphd/#/new-application उद्यानिकी विभाग ने किसानों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं तथा बागवानी एवं आधुनिक खेती को बढ़ावा दें।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

