खरगोन और बड़वानी जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी
04 जुलाई 2026, भोपाल: खरगोन और बड़वानी जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी – मौसम केंद्र , भोपाल से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटो के दौरान, प्रदेश के भोपाल, इंदौर, नर्मदा पुरम , उज्जैन, ग्वालियर , जबलपुर, शहडोल, सागर संभाग के जिलों में अधिकांश स्थानों पर, चंबल संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर एवं रीवा ( सिंगरौली को छोड़कर) संभाग के जिलों में कुछ स्थान पर वर्षा दर्ज़ की गई । मप्र में 1 जून से 4 जुलाई तक दीर्घावधि औसत से 07 % कम वर्षा हुई है। पूर्वी मप्र में औसत से 30 % कम तथा पश्चिमी मप्र में औसत से 17 % अधिक वर्षा हुई है।
वर्षा की स्थिति – बड़वानी जिले के सेंधवा में अत्यधिक भारी वर्षा (206 मिमी ), अति भारी वर्षा खातेगांव 180 ,कुम्भराज 150 , खिरकिया 142.2 तथा रहटगांव में 117 मिमी वर्षा दर्ज़ की गई। जबकि हरदा 101.6, बकाल 90.0, सतवास 89.0, कुंडम 87.8, खालवा 85.0, किरनापुर 78.6, तेंदूखेड़ा- दमोह 78.6, देवरी- सागर 77.2, जीरापुर 77.0, भैंसदेही 75.0, पाटन 71.1, अजय गढ़ 70.2, भगवानपुरा 70.0, कन्नौद 68.0, वरला 66.3 और मझौली में 65.8 मिमी के साथ भारी वर्षा दर्ज़ की गई।
मौसमी परिस्थितियां – मानसून की उत्तरी सीमा , जामनगर, उदयपुर, अजमेर, झुंझनू , हिसार , बठिंडा से होकर गुजर रही है। अगले 4 दिनों के दौरान दक्षिण – पश्चिम मानसून के उत्तरी अरब सागर के कुछ और भागों, गुजरात , हरियाणा एवं पंजाब के शेष भागों तथा राजस्थान के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में बना सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र बना हुआ है और इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण फैला हुआ है तथा दक्षिण -पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है। इसके अगले 3 दिनों के दौरान पश्चिम -उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा और उत्तर छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने की संभावना है। मौसमी ट्रफ वर्तमान में दक्षिण -पश्चिम राजस्थान से लेकर उत्तर – पश्चिम बंगाल की खाड़ी एवं उससे सटे उत्तर ओडिशा – पश्चिम बंगाल तटों तक फैला हुआ है। शियर ज़ोन के अलावा पश्चिमी विक्षोभ भी एक ट्रफ के रूप में बना हुआ है।
पूर्वानुमान – मौसम केंद्र ने खरगोन और बड़वानी जिलों में कहीं -कहीं अत्यधिक भारी वर्षा के साथ झंझावात , वज्रपात और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना व्यक्त कर रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि बुरहानपुर, खंडवा, आलीराजपुर , झाबुआ, धार , इंदौर, छिंदवाड़ा, बालाघाट और पांढुर्ना जिलों में कहीं -कहीं अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सीहोर , राज गढ़, नर्मदा पुरम, बैतूल, हरदा, रतलाम, उज्जैन, देवास, गुना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर एवं सागर जिलों में कहीं -कहीं भारी वर्षा होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कई जिलों में झंझावात / वज्रपात और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

