धार जिले में अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी
08 जुलाई 2026, इंदौर: धार जिले में अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी – मौसम केंद्र , भोपाल से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान, मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम , उज्जैन , ग्वालियर ,चंबल, रीवा, जबलपुर, सागर संभागों, के जिलों में अधिकांश स्थानों पर, शहडोल संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर वर्षा दर्ज़ की गई। अति भारी वर्षा – हाटपिपल्या 148.0, डबरा 125.3, पन्ना 124.2, और खिलचीपुर 117.6 मिमी दर्ज़ की गई। जबकि भारी वर्षा वाले स्थानों में स्लीमानाबाद 110.0, टिमरनी 104.3, नागदा 100.4, नलखेड़ा 94.0, अमरकंटक 92.2, बागली 89.0, गौतमपुरा 87.6, सीतामऊ 87.4, गोगावां 87.0, भीकनगांव 86.0, जीरापुर 86.0, धुंधड़का 85.0, आलोट 84.0, खाचरौद 83.0, सुसनेर 81.0, बकल 80.0, खरगापुर 77.0, उदयनगर 75.0, सारंगपुर 73.2, ताल 70.0, बाजना 69.0, रावटी 66.0, गुलाना 65.0 मिमी वर्षा के साथ शामिल रहे। 1 जून से 8 जुलाई तक मप्र में दीर्घावधि औसत से + 10 % अधिक वर्षा हुई है। पूर्वी मप्र में औसत से -10 % कम तथा पश्चिमी मप्र में औसत से +30 % अधिक वर्षा हुई है।
मौसमी परिस्थितियां – मानसून की उत्तरी सीमा लगातार बाड़मेर, जोधपुर, राजगढ़ (जिला चुरू ), बठिंडा से होकर गुजर रही है। अगले 2-3 दिनों के दौरान दक्षिण – पश्चिम मानसून के उत्तरी अरब सागर, राजस्थान , हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों और इस प्रकार पूरे देश में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर – पश्चिम मध्यप्रदेश और उससे सटे दक्षिण – पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। मौसमी ट्रफ मध्य समुद्र तल पर अब उत्तर – पश्चिम राजस्थान से उत्तर -पश्चिम मध्यप्रदेश और उससे सटे दक्षिण -पश्चिम उत्तर प्रदेश, झारखंड और उत्तरी गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बना हुआ है। इसके अलावा चक्रवाती परिसंचरण , अपतटीय ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ एक ट्रफ के रूप में बने होने से मानसून की गतिविधियां सक्रिय है।
पूर्वानुमान – मौसम केंद्र के अनुसार धार जिले में कहीं -कहीं अत्यधिक वर्षा, झंझावात / वज्रपात का रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि झाबुआ , रतलाम , गुना , शिवपुरी , ग्वालियर , मुरैना ,टीकमगढ़ , दतिया और निवाड़ी जिलों में कहीं -कहीं अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहीं विदिशा , रायसेन, सीहोर, राजगढ़, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, इंदौर, उज्जैन , देवास, शाजापुर, आगर, नीमच, अशोकनगर, भिंड , श्योपुरकलां, दमोह, सागर और छतरपुर जिलों में कहीं -कहीं भारी वर्षा होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के शेष जिलों में अनेक / अधिकांश स्थानों पर वर्षा होगी या गरज -चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

