Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

राजस्थान: कृषि मंत्री ने किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से किया संवाद, लंबित बीमा क्लेम पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश  

15 जनवरी 2026, जयपुर: राजस्थान: कृषि मंत्री ने किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से किया संवाद, लंबित बीमा क्लेम पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश – प्रदेश में कृषकों के कल्याण को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के तहत मंगलवार को पंत कृषि भवन में कृषि मंत्री डॉ.किरोड़ी लाल ने प्रदेश के विभिन्न किसान संघों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। संवाद में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषक आदान-अनुदान, नवीन बीज विधेयक, पेस्टीसाइड मैनेजमेंट बिल सहित कृषि एवं उद्यानिकी विभाग से संबंधित योजनाओं तथा बजट घोषणाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं कृषक आदान-अनुदान योजनाओं के अंतर्गत देय राशि में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने किसान संगठनों द्वारा बीमा कंपनियों के संबंध में की गई शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कंपनियों से स्पष्टीकरण मांगने तथा लंबित क्लेम प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि किसान संगठनों से प्राप्त सुझावों के आधार पर योजनाओं को और अधिक किसान हितैषी बनाया जाएगा। कृषि मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल बीमा एवं आदान-अनुदान से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए। संवाद के दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों में लंबे समय से लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और उन्हें शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

किसानों द्वारा खेतों में जंगली सूअर एवं निराश्रित पशु से होने वाले नुकसान की शिकायत के संबंध में कृषि मंत्री ने बताया कि इस विषय में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही, तारबंदी योजना में आवश्यक संशोधन के लिए भी कार्य प्रस्तावित है। उन्होंने फसलों में हुए नुकसान के सर्वे कार्य को समय पर पूर्ण कर किसानों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश के किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज एवं खाद का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जाए एवं इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही की शिकायत प्राप्त होने पर आवश्यक कार्यवाही की जाए। इस अवसर पर किसान संघों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं, सुझाव एवं अपेक्षाएं रखीं, जिस पर कृषि मंत्री ने गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में कृषि एवं उद्यानिकी की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती मंजू राजपाल, कृषि आयुक्त सुश्री चिन्मयी गोपाल, उद्यानिकी आयुक्त श्रीमती शुभम चौधरी, कृषि एवं उद्यानिकी, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के अन्य अधिकारी तथा बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture