राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश में बारिश का दौर तेज: भोपाल-इंदौर समेत 40 से ज्यादा जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 40-50 Kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

01 जुलाई 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में बारिश का दौर तेज: भोपाल-इंदौर समेत 40 से ज्यादा जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 40-50 Kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं – भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मध्य प्रदेश में मानसून का असर लगातार मजबूत हो रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन और ग्वालियर संभाग के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि इंदौर, चंबल, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग के कई इलाकों में भी कहीं-कहीं वर्षा हुई। हालांकि प्रदेश के शेष जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहा। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों के लिए भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

आईएमडी के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश गढ़ाकोटा (सागर) में 160.5 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा मुंगावली (129 मिमी), पीथमपुर (120 मिमी), भैंसदेही (116 मिमी), चिचोली (102 मिमी), दमोह (96 मिमी), पथरिया (89 मिमी), पटेरा (88 मिमी), रहली (88 मिमी), मकसूदनगढ़ (75 मिमी), केवलारी (74.2 मिमी), सोनकच्छ (74 मिमी) समेत प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।

खजुराहो सबसे गर्म, दमोह और पचमढ़ी सबसे ठंडे रहे

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस खजुराहो (छतरपुर) में दर्ज किया गया। इसके बाद चित्रकूट (40.6°C), नौगांव (40.5°C), ग्वालियर (40.3°C) और टीकमगढ़ (39.8°C) सबसे गर्म रहे।

वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दमोह और पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा खंडवा (20.4°C), खरगोन (21°C), सागर (21.5°C) और बैतूल (22.5°C) में भी रात अपेक्षाकृत ठंडी रही।

तापमान में भी बदलाव दर्ज

आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में चंबल संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई, जबकि अन्य संभागों में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ। वहीं रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 से 4.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान की बात करें तो शहडोल संभाग में 5.2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई, जबकि रीवा और सागर संभाग में भी रात के तापमान में 2.6 से 3.1 डिग्री सेल्सियस तक कमी आई।

सिनॉप्टिक मौसम परिस्थिति

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 30 जून को मध्यप्रदेश के कुछ और हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कई क्षेत्रों तक आगे बढ़ गया है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 से 3 दिनों के दौरान मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के शेष क्षेत्रों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

इसके अलावा पंजाब से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक मौसमी ट्रफ सक्रिय है। वहीं उत्तर बंगाल की खाड़ी और दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

इसके साथ ही दक्षिण मध्यप्रदेश से मराठवाड़ा और कोंकण-गोवा तक ऊपरी हवा का ट्रफ सक्रिय है, जबकि 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी प्रभावी होने की संभावना है।

इन जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग ने छिंदवाड़ा और सिवनी जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

इसके अलावा रायसेन, नर्मदापुरम, खरगोन, अलीराजपुर, बालाघाट, सागर और पांढुर्णा जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

वहीं भोपाल, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, बड़वानी, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, आगर मालवा, गुना, अशोकनगर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर में गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture