मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी, रीवा-भिंड समेत कई जिलों में झमाझम बारिश; 30 से ज्यादा जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट
11 जुलाई 2026, भोपाल: मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी, रीवा-भिंड समेत कई जिलों में झमाझम बारिश; 30 से ज्यादा जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट – भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान रीवा संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि चंबल और शहडोल संभाग के कुछ जिलों तथा ग्वालियर, जबलपुर और सागर संभाग के कई स्थानों पर भी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो रामपुर में सबसे अधिक 63 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके बाद अटेर में 54 मिमी, रीवा शहर में 44 मिमी, भिंड में 43 मिमी और रामपुर बघेलान में 42.2 मिमी बारिश हुई।
इसके अलावा रायपुरा (33.2 मिमी), गुढ़ (32 मिमी), चुरहट (30 मिमी), सिहोरा (25 मिमी), हटा (24.4 मिमी), मझगवां (23 मिमी), सिंगरौली (22.4 मिमी), सतना (17.3 मिमी), सीधी (17 मिमी), बिलहरी (15.4 मिमी), रायपुर कर्चुलियान (15 मिमी), रीवा-हुजूर (14 मिमी), देवसर (13.6 मिमी), गौरिहार (13 मिमी), पटेरा (13 मिमी) और ग्वालियर (12.2 मिमी) सहित कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
सिनॉप्टिक मौसम परिस्थिति
IMD के अनुसार प्रदेश में सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर, रोहतक, शाहजहांपुर, बस्ती, मुजफ्फरपुर होते हुए मणिपुर तक फैली हुई है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
वहीं उत्तर-पूर्वी पंजाब के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ भी प्रभावी बना हुआ है। उत्तरी बांग्लादेश और उत्तर-पश्चिमी बिहार के आसपास भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। उत्तर-पश्चिमी बिहार से मणिपुर तक फैली ट्रफ लाइन भी मानसूनी गतिविधियों को मजबूत कर रही है। इन सभी मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
इन जिलों के लिए IMD की चेतावनी
मौसम विभाग ने नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

