Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश की अधिक से अधिक पात्र बहनों को दिलवाएं रसोई गैस सुविधा: मुख्यमंत्री

26 सितम्बर 2023, भोपाल: मध्यप्रदेश की अधिक से अधिक पात्र बहनों को दिलवाएं रसोई गैस सुविधा: मुख्यमंत्री – मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सस्ते दाम पर रसोई गैस उपलब्ध करवाने का कार्य पूरी तन्मयता से किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र बहनों को यह सुविधा उपलब्ध हो सके। हितग्राहियों को शीघ्र ही राशि अंतरित की जाएगी । जिस तरह जिला स्तर पर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन पर ध्यान दिया गया उसी टीम भावना से रियायती रसोई गैस सिलेंडर री-फिलिंग योजना की सुविधा का लाभ दिलवाया जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान वीडियो कान्फ्रेंस द्वारा जिला कलेक्टर से प्रदेश में रियायती दर पर रसोई गैस सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए बहनों के पंजीयन कार्य की समीक्षा कर रहे थे। श्री चौहान ने इस कार्य की जिलावार जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए। खाद्य मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना की हितग्राही बहनों को 450 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय के परिपालन के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा संबंधित एजेंसियों, आयल कंपनियों और स्थानीय प्रशासन से समन्वय कर निर्धारित कार्यवाही की जा रही है। बहनों को गैस कंपनी से विक्रय दर पर सिलेंडर लेने के पश्चात अंतर की राशि का भुगतान उनके बैंक खाते में किया जाएगा। यह राशि राज्य सरकार वहन करेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिलों में किसानों को रबी फसलों के लिए खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक वर्षा से कुछ स्थानों पर फसलों की क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना और आर बी सी 6-4 के प्रावधानों का लाभ दिलवाने को भी कहा।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile