प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना बनी किसान का सुरक्षा कवच, फसल नुकसान पर मिली ₹24 हजार की मदद
08 अगस्त 2026, रायपुर: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना बनी किसान का सुरक्षा कवच, फसल नुकसान पर मिली ₹24 हजार की मदद – कृषि पूरी तरह प्रकृति पर निर्भर है और मौसम की अनिश्चितता कई बार किसानों की वर्षों की मेहनत पर पानी फेर देती है। ऐसे कठिन समय में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच बनकर सामने आ रही है। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विकासखंड मनेन्द्रगढ़ अंतर्गत ग्राम पसौरी निवासी किसान अजमेर सिंह की कहानी इस योजना की उपयोगिता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
अजमेर सिंह ने अपनी लगभग 4 एकड़ कृषि भूमि में गेहूं की फसल बोई थी। खेती के साथ-साथ उन्होंने दूरदर्शिता दिखाते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अपनी फसल का बीमा भी कराया। फसल तैयार होने से पहले प्राकृतिक कारणों से उनकी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
नुकसान पर मिला ₹24 हजार का मुआवजा
फसल खराब होने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बीमा दावा प्रस्तुत किया। संबंधित अधिकारियों द्वारा दावे का सत्यापन किए जाने के उपरांत बीमा कंपनी ने उन्हें 24,000 की सहायता राशि स्वीकृत कर प्रदान की। यह राशि उनके लिए आर्थिक संबल साबित हुई और खेती से जुड़े नुकसान की भरपाई में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
अजमेर सिंह बताते हैं कि यदि उन्होंने फसल का बीमा नहीं कराया होता तो नुकसान की भरपाई करना बेहद कठिन हो जाता। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए कठिन परिस्थितियों में एक मजबूत सुरक्षा कवच का कार्य करती है। योजना के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता किसानों को दोबारा खेती करने का आत्मविश्वास देती है और उन्हें विपरीत परिस्थितियों से उबरने में मदद करती है।
किसान जरूर कराएं फसल बीमा
उन्होंने जिले के सभी किसानों से अपील की कि वे अपनी फसलों का समय पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमा अवश्य कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि, सूखा, ओलावृष्टि अथवा अन्य कारणों से फसल को नुकसान होने पर उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके और आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।
अजमेर सिंह ने किसानों के हित में संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के किसान हितैषी प्रयासों एवं कृषि क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना आज किसानों के लिए केवल बीमा योजना नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा और आत्मविश्वास का मजबूत आधार बनकर उभर रही है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

