समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश की थीम पर मनाया जाएगा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस: सीएम डॉ. यादव
23 सितंबर 2026, भोपाल: समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश की थीम पर मनाया जाएगा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस: सीएम डॉ. यादव – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वर्ष 2026 को “समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश” की थीम पर किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 नवंबर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का आयोजन कृषि विकास और किसान कल्याण पर केंद्रित हो। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस पर उन्नत कृषि, प्राकृतिक खेती और कृषि क्षेत्र में नवाचारों पर विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएं। कृषि के क्षेत्र में नवाचार करने और उपलब्धियां हासिल करने वाले किसानों, उद्यमियों और युवाओं को सम्मानित भी किया जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ये निर्देश मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के संबंध में मंत्रालय में हुई बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर की गतिविधियों के साथ-साथ सभी जिलों में भी उत्साह और उल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। 1 नवंबर की रात सभी शासकीय भवनों पर रोशनी की जाए।
प्रदेश की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रतिभाओं को अपनी कला, योग्यता और क्षमता के प्रदर्शन का अवसर देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। स्थापना दिवस समारोह प्रदेश का उत्सव है, इसलिए राज्य और जिला स्तरीय कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव श्री अनुपम राजन, श्री संजय कुमार शुक्ला, श्री शिवशेखर शुक्ला, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना सहित संस्कृति और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
लाल परेड ग्राउंड में होगा राज्य स्तरीय समारोह
बैठक में बताया गया कि 71वें मध्यप्रदेश स्थापना समारोह का राज्य स्तरीय कार्यक्रम लाल परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। समारोह में विकसित मध्यप्रदेश-2047, एक जिला-एक उत्पाद, मध्यप्रदेश के जननायक, प्रदेश की पारंपरिक कलाओं, मंदिर स्थापत्य, भारत की ऋषि परंपरा, प्रदेश में विरासत से विकास और कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों पर प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इस अवसर पर देशज व्यंजनों का मेला भी लगाया जाएगा। 1 नवंबर की शाम भव्य स्तर पर सुगम संगीत का कार्यक्रम होगा, जिसमें देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के दौरान आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी।
जिला मुख्यालयों पर दिखेंगी उपलब्धियां
स्थापना दिवस समारोह के तहत जिला मुख्यालयों पर विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ जिलावार उत्कृष्ट कार्यों और जिला उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वतंत्रता सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों, शहीद सैनिकों के परिजनों और महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करने वाले स्व-सहायता समूहों तथा स्टार्ट-अप से जुड़े व्यक्तियों को विशेष रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए बैठक व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


