राज्य कृषि समाचार (State News)

मंडी बोर्ड में 1400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति, 30 से ज्यादा संवर्गों में मिली नई जिम्मेदारी

20 जुलाई 2024, भोपाल: मंडी बोर्ड में 1400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति, 30 से ज्यादा संवर्गों में मिली नई जिम्मेदारी – मध्यप्रदेश राज्य कृषि उपज विपणन (मंडी) बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए जुलाई माह खुशियों की सौगात लेकर आया है। मंडी बोर्ड द्वारा 30 से अधिक संवर्गों में 1400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को विभिन्न पदों पर पदोन्नति प्रदान की गई है। पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद मंडी बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारियों में उत्साह और हर्ष का वातावरण है।

विभिन्न संवर्गों में दी गई पदोन्नति में अपर संचालक के 2, संयुक्त संचालक के 3, उप संचालक के 6, सहायक संचालक के 3, सहायक यंत्री के 30, लेखापाल (ब) के 61, वरिष्ठ अंकेक्षक के 31, सचिव (अ) के 11, सचिव (ब) के 15, सचिव (स) के 107, मंडी निरीक्षक के 774, सहायक ग्रेड-2 के 46 तथा सहायक ग्रेड-3 के 18 पद शामिल हैं।

मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक-सह-आयुक्त श्री कुमार पुरुषोत्तम के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की अनुशंसा के आधार पर विभिन्न संवर्गों में पदोन्नति आदेश जारी किए गए। पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और सुव्यवस्थित रूप से पूरा कराने में संयुक्त संचालक श्रीमती सविता झानियां एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस महत्वपूर्ण कार्य में अपर प्रबंध संचालक श्री अनुराग सक्सेना का कुशल मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ।

मंडी बोर्ड द्वारा की गई इस व्यापक पदोन्नति से अधिकारी-कर्मचारियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। पदोन्नति से उन्हें सेवाकाल में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलने के साथ ही उनकी कार्यक्षमता और दायित्वों में भी वृद्धि होगी। इससे मंडी बोर्ड के प्रशासनिक और मैदानी कार्यों के अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सुचारू संचालन में सहायता मिलेगी।

इसी क्रम में मंडी समिति सेवा के 250 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को भी पदोन्नति का लाभ मिला है। पदोन्नति प्राप्त अधिकारी-कर्मचारियों ने मंडी बोर्ड प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने सेवाकाल का महत्वपूर्ण और उत्साहवर्धक पड़ाव बताया।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने नवीन दायित्वों का पूरी निष्ठा, दक्षता और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए मंडी बोर्ड की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा किसानों एवं मंडी हितधारकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में अपना योगदान देंगे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture