Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

छिंदवाड़ा जिले की पहचान बन रहा प्राकृतिक एवं जैविक हाट

23 नवंबर 2026, छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा जिले की पहचान बन रहा प्राकृतिक एवं जैविक हाट – जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा पिछले वर्ष किए गए प्रयास अब सफल होते नजर आ रहे हैं। जैविक उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों को उनकी उपज के विक्रय के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरैया सब्जी मंडी में 13 दिसंबर 2025 को जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने साप्ताहिक जैविक हाट की शुरुआत की थी। शुरुआत से ही इस हाट बाजार में किसानों और आम नागरिकों का रुझान लगातार बढ़ता गया। अब जैविक हाट बाजार जिले की पहचान बनता जा रहा है और यहां जागरूक ग्राहकों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। साप्ताहिक हाट के 50 सप्ताह पूरे होने के साथ ही हर सप्ताह प्राकृतिक खेती मिशन से नए किसान भी जुड़ रहे हैं।

 देशी किस्मों की सब्जियां बनी ग्राहकों की पसंद – साप्ताहिक जैविक हाट बाजार के शुरुआती दौर में किसानों ने हाइब्रिड किस्म की सब्जियों के उत्पादन पर जोर दिया था, लेकिन ग्राहकों की मांग को देखते हुए किसानों ने देशी टमाटर, मिर्च, लौकी, कद्दू, बरबटी, धनिया, ककड़ी, प्याज, कुंदरू, सेमी और बैंगन सहित अन्य देशी सब्जियों का उत्पादन शुरू किया। इससे ग्राहकों को देशी सब्जियों का स्वाद मिल रहा है। इसके अलावा मौसम के अनुरूप बथुआ, मेथी, पालक, अमाड़ी, चना एवं सरसों की भाजी भी उपलब्ध कराई जा रही है। किसान सब्जियों के साथ मीठी नीम, पुदीना, प्याज, लहसुन एवं गुईया की ताजी पत्तियां भी लेकर पहुंच रहे हैं।

 मौसमी फल और वन उपज भी उपलब्ध – छिंदवाड़ा जिले के किसान अपने खेतों में मौसमी फलों के पौधे भी लगाते हैं। इसी के चलते समय-समय पर साप्ताहिक जैविक हाट बाजार में देशी आम, जामुन, केला और पपीता उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा स्ट्रॉबेरी, बेबी कॉर्न, स्वीट कॉर्न, मशरूम, तेंदू, आंवला, सीताफल एवं कुसुम सहित अन्य वन उपज भी ग्राहकों को आसानी से मिल रही है। अर्जुन छाल का पाउडर और मोरिंगा पाउडर भी बाजार में उपलब्ध है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

  जिले के आदिवासी अंचलों के किसान परंपरागत रूप से जैविक खेती करते आ रहे हैं। पहाड़ी खेतों में उत्पादित कोदो, कुटकी, रागी, कंगनी, सांवा, ज्वार, बाजरा, मक्का, मूंग और उड़द भी आम लोगों की पसंद बन रहे हैं। यहां हाथ चक्की से तैयार दाल भी बिक्री के लिए लाई जा रही है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

 कच्ची घानी का तेल और ड्राई वेजिटेबल की भी बिक्री – जैविक हाट में कुछ किसान अपनी कच्ची घानी के माध्यम से मूंगफली, सरसों, नारियल, जुगनी एवं सूरजमुखी आदि फसलों से तेल निकालकर शहरवासियों को उपलब्ध करा रहे हैं। वहीं जैविक तकनीक से खेती करने वाले किसानों ने अपनी उपज को नए स्वरूप में लोगों तक पहुंचाने की पहल की है। अब हल्दी, चुकंदर, मुनगा पत्ती, लहसुन, टमाटर सहित अन्य सब्जियों को सुखाकर पाउडर के रूप में भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

 अलग-अलग स्वाद और रंग का शहद भी आकर्षण – जिले के युवा किसान अब मधुमक्खी पालन के क्षेत्र में भी आगे आ रहे हैं। जैविक हाट बाजार में हर सप्ताह बड़ी मात्रा में शहद की बिक्री हो रही है। यहां अलग-अलग फूलों के पराग से तैयार शहद अलग-अलग रंग और स्वाद में उपलब्ध है, जो ग्राहकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

 निरंतर जैविक उत्पाद उपलब्ध कराने वाले किसान – जैविक हाट में निरंतर उपस्थित होकर अपनी सब्जियों एवं जैविक उत्पादों का विक्रय करने वाले प्रमुख किसानों में श्री रामचरण राउत (बिछुआ), श्री मटरूलाल डोंगरे (भुम्मा, सौंसर), श्री ओमप्रकाश भार्गव (परतला), श्रीमती गीता फरकारे (राजेगांव), श्रीमती अनुराधा गाडरे (पालाखेड़), श्री राहुल वसूले (खजरी), श्रीमती सेवंती बरखानिया (चंदनगांव), श्री जितेंद्र राउत (कामठी), श्री आशाराम घागरे (पालाखेड़), श्री बलवीर पटेल (लोहारबतरी), श्री तारन अल्डक (चंदनगांव), श्री प्रिंस अल्डक (चंदनगांव), श्री संजय गुप्ता (चंदनगांव), श्री राजेश विश्वकर्मा (मानियाखापा), श्री सोविंद उईके (मंडली, परासिया), श्री पवन शर्मा (जाटाछापर), श्री कपूरचंद उईके (मंडली), श्री तुलसीराम करपे (मंडली), श्री देवेंद्र नागवंशी (तुमड़ी), श्री गुरुदयाल माहोरे (मानियाखापा), श्री राजेश कुमार धारे (टेमनी खुर्द), श्री सुनील साहू (पौनार, अमरवाड़ा), श्री शिवचरण कुशवाहा (कुहिया) एवं श्रीमती सविता प्रतीति (परतती, मोहखेड़) शामिल हैं।

ये किसान लगातार जैविक हाट में अपनी उपज का विक्रय कर शहरवासियों को ताजी सब्जियां एवं विभिन्न प्रकार के जैविक उत्पाद उपलब्ध करा रहे हैं। जिले में साप्ताहिक जैविक हाट की बढ़ती लोकप्रियता प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने के साथ किसानों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचने का बेहतर अवसर भी प्रदान कर रही है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture