सिवनी : उन्नत गौपालन गतिविधियों का कलेक्टर ने किया अवलोकन
23 नवंबर 2026, सिवनी: सिवनी : उन्नत गौपालन गतिविधियों का कलेक्टर ने किया अवलोकन – कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने बरघाट विकासखंड के ग्राम काठी में कृषक श्री चंद्र किशोर बिसेन द्वारा किए जा रहे उन्नत गौपालन एवं सेक्स-सॉर्टेड सीमन विधि से कृत्रिम गर्भाधान कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने कृषक से पाली जा रही एचएफ नस्ल की गायों, पशुओं की देखभाल, पशुपालन में होने वाली लागत तथा प्रतिदिन होने वाले दूध उत्पादन की जानकारी प्राप्त की।
कृषक श्री बिसेन ने कलेक्टर को सेक्स-सॉर्टेड सीमन विधि से प्रजनित बछिया का अवलोकन कराया और इस तकनीक के माध्यम से पशुओं में प्रजनन से संबंधित जानकारी दी। कलेक्टर ने पशुओं के स्वास्थ्य के लिए पशुपालन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कृषक को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कृषक से डेयरी व्यवसाय को और विस्तारित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने दूध उत्पादन के साथ ही दुग्ध प्रसंस्करण एवं मूल्य वर्धित उत्पाद तैयार करने की दिशा में भी कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि पशुपालन को केवल दूध उत्पादन तक सीमित न रखते हुए दूध से विभिन्न उत्पाद तैयार कर उसका बेहतर मूल्य प्राप्त किया जा सकता है। इससे व्यवसाय को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने कहा कि जिले में पशुपालन एवं डेयरी व्यवसाय के विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं हैं। उन्नत एवं वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन कर रहे पशुपालकों के अनुभवों को अन्य इच्छुक लोगों तक पहुंचाकर उन्हें भी इस गतिविधि से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे पशुपालकों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन, विभागीय योजनाओं का लाभ एवं व्यवसाय विस्तार के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कृषक श्री बिसेन से व्यवसाय की आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की तथा पशुपालन, दुग्ध उत्पादन एवं प्रसंस्करण गतिविधियों को क्रमबद्ध रूप से आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


