ट्रैक्टर खरीदना हुआ महंगा! महिंद्रा ने 4% तो एस्कॉर्ट्स कुबोटा ने 5% तक बढ़ाए दाम, GST की राहत पर फिरा पानी
18 नवंबर 2026, नई दिल्ली: ट्रैक्टर खरीदना हुआ महंगा! महिंद्रा ने 4% तो एस्कॉर्ट्स कुबोटा ने 5% तक बढ़ाए दाम, GST की राहत पर फिरा पानी – खेती-किसानी में ट्रैक्टर की जरूरत रखने वाले किसानों के लिए महंगाई का झटका लगा है। सरकार ने सितंबर 2025 में ट्रैक्टरों पर जीएसटी घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया था, जिससे किसानों को हजारों रुपये की बचत होने की उम्मीद थी। लेकिन अब ट्रैक्टर कंपनियों ने कीमतें बढ़ाकर इस राहत को काफी हद तक कम कर दिया है। देश की दो बड़ी ट्रैक्टर निर्माता कंपनियों महिंद्रा एंड महिंद्रा और एस्कॉर्ट्स कुबोटा ने इस वित्त वर्ष में अपने ट्रैक्टरों के दाम बढ़ाए हैं।
एस्कॉर्ट्स कुबोटा ने एक साल में तीन बार बढ़ाए रेट
एस्कॉर्ट्स कुबोटा ने अप्रैल में करीब 1.5 प्रतिशत और अगस्त के आखिर में 2 से 2.5 प्रतिशत तक कीमतें बढ़ाई थीं। अब कंपनी ने एक बार फिर 3 से 5 प्रतिशत तक दाम बढ़ाने का फैसला किया है। इस बढ़ोतरी के बाद एक ट्रैक्टर की कीमत औसतन करीब 23 हजार रुपये तक बढ़ सकती है। कंपनी के अनुसार, यह बढ़ोतरी कुबोटा, फार्मट्रैक और पावरट्रैक ब्रांड के ट्रैक्टरों पर लागू होगी।
महिंद्रा ने भी बढ़ाए 4 प्रतिशत दाम
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपने ट्रैक्टरों की कीमतों में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, कच्चे माल की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। स्टील, तांबा और रबर महंगे होने से ट्रैक्टर बनाने की लागत बढ़ गई है।
किसानों को GST से कितनी बचत हुई थी?
सरकार ने 22 सितंबर 2025 से ट्रैक्टरों पर GST 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किया था। इससे किसानों को हॉर्स पावर के हिसाब से इस प्रकार राहत मिलने की बात कही गई थी:
- 35 HP ट्रैक्टर पर करीब 41,000 रुपये।
- 45 HP ट्रैक्टर पर करीब 45,000 रुपये।
- 50 HP ट्रैक्टर पर करीब 53,000 रुपये।
- 75 HP ट्रैक्टर पर करीब 63,000 रुपये।
लेकिन अब कंपनियों की ओर से कीमतें बढ़ाए जाने के बाद किसानों की बचत काफी कम हो गई है।
छोटे किसानों पर ज्यादा पड़ेगा असर
ट्रैक्टर खरीदने वाले ज्यादातर छोटे और सीमांत किसानों को बैंक से लोन लेना पड़ता है। ऐसे में ट्रैक्टर की कीमत बढ़ने से लोन की रकम और हर महीने की किस्त (EMI) भी बढ़ सकती है। कंपनियों का कहना है कि फिलहाल कीमतों में बढ़ोतरी का बिक्री पर खास असर नहीं पड़ा है। अक्टूबर 2026 में देश में ट्रैक्टरों की खुदरा बिक्री पिछले साल के मुकाबले 3.10 प्रतिशत बढ़कर 79,285 यूनिट रही।
आगे क्या होगा?
महिंद्रा को वित्त वर्ष 2026-27 में ट्रैक्टर उद्योग की ग्रोथ सपाट रहने की उम्मीद है, जबकि एस्कॉर्ट्स कुबोटा को बाजार में मामूली गिरावट का अनुमान है। कंपनियों का कहना है कि आने वाले समय में कीमतों का फैसला कच्चे माल की लागत पर निर्भर करेगा। ऐसे में ट्रैक्टर खरीदने की योजना बना रहे किसानों को केवल GST में मिली छूट देखकर फैसला नहीं करना चाहिए, बल्कि अलग-अलग कंपनियों के ट्रैक्टरों की ऑन-रोड कीमत और डीलर से मिलने वाली छूट की तुलना जरूर करनी चाहिए।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


