बालाघाट : सहकारी समितियों में इफको-एमसी के कृषि रसायनों की बिक्री शुरू
23 नवंबर 2026, बालाघाट: बालाघाट : सहकारी समितियों में इफको-एमसी के कृषि रसायनों की बिक्री शुरू – किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि रसायन एवं आधुनिक कृषि तकनीक उपलब्ध कराने की दिशा में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित लामता एवं टाकाबर्रा द्वारा इफको-एमसी के कृषि रसायनों के विक्रय का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लगभग 100 प्रगतिशील किसानों सहित सहकारिता एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक बालाघाट के महाप्रबंधक श्री अभिनव बघेल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में इफको-एमसी के वरिष्ठ संभागीय अधिकारी डॉ. विजय कुमार द्विवेदी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में इफको-एमसी के टेरिटरी मैनेजर श्री ज्ञानेंद्र उपाध्याय, ग्राम पंचायत लामता के सरपंच श्री हुलासमल कोचर, श्री प्रदीप जैन, लामता शाखा प्रबंधक श्री ऋषि कुमार बिसेन, जनपद सदस्य श्री ज्ञान सिंह संयाम सहित अन्य अतिथियों ने सहभागिता की। जिला सहकारी बैंक से लेखा प्रबंधक श्री पुरुषोत्तम जोशी एवं सहकारी प्रशिक्षु श्री नीरज बिसेन भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. विजय कुमार द्विवेदी ने इफको-एमसी के विभिन्न कृषि रसायनों की उपयोगिता एवं उनके तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने संस्था के मूलभूत सिद्धांत ‘सही दवा, सही दाम एवं किसान सुरक्षा बीमा योजना’ के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसानों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण इफको-एमसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कृषि में रसायनों का उपयोग करते समय किसानों को सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने तथा अनुशंसित मात्रा में ही दवाओं का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने मृदा स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नैनो यूरिया, नैनो डीएपी एवं जैव उर्वरकों के तकनीकी उपयोग की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों और संतुलित उर्वरक प्रबंधन को अपनाकर खेती की लागत कम करने तथा कृषि उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक श्री अभिनव बघेल एवं लेखा प्रबंधक श्री पुरुषोत्तम जोशी ने दोनों सहकारी समितियों को कृषि रसायनों का व्यवसाय प्रारंभ करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को कृषि सामग्री सहजता से उपलब्ध होगी। साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि समितियां किसानों को बेहतर सेवाएं प्रदान करें, ताकि अधिक से अधिक किसान इस पहल का लाभ उठा सकें। कार्यक्रम के अंत में लामता समिति के प्रबंधक श्री मोहन लाल पटेल एवं टाकाबर्रा समिति के संस्था प्रबंधक श्री विष्णु प्रसाद बिसेन ने अतिथियों एवं उपस्थित किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करते रहने का अनुरोध किया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


