Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

शिवराज सिंह चौहान ने लॉन्च की देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन, 1-2 रुपए होगी एक खुराक की कीमत

21 नवंबर 2026, नई दिल्ली: शिवराज सिंह चौहान ने लॉन्च की देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन , 1-2 रुपए होगी एक खुराक की कीमत – आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में बर्ड फ्लू (H5N1) की देश की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। इस वैक्सीन की एक खुराक की कीमत महज 1 से 2 रुपये रखी गई है। इससे देश के लाखों पोल्ट्री किसानों को राहत मिलने और मुर्गीपालन व्यवसाय को बर्ड फ्लू से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से एक नई अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत ने स्वदेशी वैक्सीन निर्माण के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैज्ञानिकों ने पहले महज 9 महीने में कोविड की दो स्वदेशी वैक्सीन तैयार कर दुनिया को चौंकाया था। अब बर्ड फ्लू की स्वदेशी वैक्सीन बनाकर देश के वैज्ञानिकों ने अपनी क्षमता साबित की है।

भोपाल में बनेगी 300 करोड़ रुपये की नई अत्याधुनिक लैब

केंद्रीय मंत्री ने भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने संस्थान में 300 करोड़ रुपये की लागत से नई अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भोपाल का यह संस्थान देश के लिए गौरव का केंद्र बन गया है। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि पहले वैक्सीन का लोकार्पण दिल्ली से करने की योजना थी, लेकिन उन्होंने तय किया कि भोपाल के जिन वैज्ञानिकों ने दिन-रात मेहनत करके यह वैक्सीन तैयार की है, उनके बीच ही इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

बर्ड फ्लू से अब तक 500 से ज्यादा प्रकोप, लाखों मुर्गियों की मौत

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत में बर्ड फ्लू का पहला प्रकोप वर्ष 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में सामने आया था। उस दौरान करीब 10 लाख मुर्गियों की मौत हुई थी। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लाखों मुर्गियों को मारकर गड्ढों में दफनाना पड़ा था। इसके बाद वर्ष 2021 में 9 लाख और इस वर्ष 2 लाख मुर्गियों की मौत हुई। वर्ष 2006 से अब तक देश में बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप सामने आ चुके हैं।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

उन्होंने कहा कि बर्ड फ्लू से पोल्ट्री उद्योग को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। इसके अलावा संक्रमण के स्तनधारी पशुओं और मनुष्यों तक फैलने का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में महज 1 से 2 रुपये की कीमत वाली यह वैक्सीन छोटे मुर्गीपालकों के लिए भी किफायती होगी और उनकी आजीविका को सुरक्षित रखने में मदद करेगी।

पशु किसानों के लिए चलते-फिरते एटीएम, बीमारियों से 56 हजार करोड़ का नुकसान

शिवराज सिंह चौहान ने पशुपालन और पोल्ट्री क्षेत्र को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि पशु किसानों के लिए चलते-फिरते एटीएम की तरह हैं, जो खेती के साथ हर महीने नियमित आमदनी का जरिया बनते हैं। देश की जीडीपी में पशुपालन का योगदान 14 प्रतिशत और पोल्ट्री क्षेत्र का योगदान 1 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि खुरपका-मुंहपका रोग (FMD) से औसतन 22 हजार करोड़ रुपये, लंपी वायरस से 20 हजार करोड़ रुपये, ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ रुपये और भेड़-बकरियों में होने वाली पीपीआर बीमारी से 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान होता था। इस तरह इन बीमारियों के कारण देश को कुल करीब 56 हजार करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। अब स्वदेशी टीकों के माध्यम से इन बीमारियों पर नियंत्रण पाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत दी गईं 147 करोड़ से ज्यादा खुराकें

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मथुरा से राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इसके तहत खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए अब तक 147 करोड़ 16 लाख मुफ्त खुराकें दी जा चुकी हैं। वहीं, ब्रुसेलोसिस पर भी नियंत्रण पाया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में लंपी त्वचा रोग के कारण 32 लाख 80 हजार पशु संक्रमित हुए थे और 1 लाख 86 हजार पशुओं की मौत हुई थी। उस समय हिसार और इज्जतनगर के वैज्ञानिकों ने ‘लंपी प्रोवैकइंड’ टीका तैयार किया था। भोपाल के NIHSAD संस्थान ने इससे पहले गंबेरो वैक्सीन, ब्रुसेला एबॉर्टस एस-19 डेल्टा वैक्सीन, क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर के स्वदेशी टीके भी तैयार किए हैं।

छुट्टियां छोड़कर वैज्ञानिकों ने तैयार की वैक्सीन

शिवराज सिंह चौहान ने वैक्सीन तैयार करने वाले वैज्ञानिकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें असली नायक बताया। इस टीम में डॉ. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच.वी. मुरगकर, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. सेंथिल कुमार डी., डॉ. नवीन कुमार और डॉ. योगीशाराध्या आर. शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि वैज्ञानिकों ने शनिवार और रविवार की छुट्टियां लिए बिना कई महीनों तक लगातार शोध किया। लैब में लागू कड़े जैव-सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण उन्हें घर जाने से पहले और वापस आने के बाद सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था। उन्हें प्रतिदिन 120 लीटर पानी से नहाना पड़ता था। शोध के दौरान वे अपने घरों में पालतू पशु भी नहीं रख सकते थे। केंद्रीय मंत्री ने वैज्ञानिकों के इस समर्पण और मेहनत की सराहना की।

कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार के युवा, खेलकूद एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, भोपाल महापौर मालती राय, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि राकेश शर्मा, नरेश मेवाड़ा, राकेश जादौन, राजेश चौकसे और सुश्री छाया सहित पार्षदगण उपस्थित रहे। इसके अलावा ICAR के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट, संस्थान के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल, वैज्ञानिक और अन्य गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture