मंडला : नरवाई/पराली जलाने वाले कृषकों पर कार्रवाई
23 नवंबर 2026, मंडला : मंडला : नरवाई/पराली जलाने वाले कृषकों पर कार्रवाई – जिले में नरवाई एवं पराली जलाने की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 18 नवंबर को नैनपुर विकासखंड के ग्राम समनापुर, गोकुलथाना, सांगवा एवं अलीपुर में पराली जलाने वाले कृषकों के खेतों का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया गया तथा संबंधित कृषकों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी नैनपुर को प्रकरण प्रस्तुत किए गए।
कलेक्टर के निर्देशानुसार तथा अनुविभागीय कृषि अधिकारी नैनपुर एवं उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में कृषि, राजस्व एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग के संयुक्त दल द्वारा मौके पर पहुंचकर खेतों में लगी आग को हरे पत्तों की सहायता से बुझाया गया। साथ ही उपस्थित कृषकों को पराली प्रबंधन के वैकल्पिक उपायों की जानकारी देते हुए नरवाई जलाने से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में समझाइश दी गई। कार्रवाई के दौरान एसडीओ अरविंद कुमार वर्मा, सहायक कृषि यंत्री शोभित थांवरे, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पी.एस. वरकड़े, नायब तहसीलदार रामप्रकाश वरकड़े सहित कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले में अब तक 34 घटनाएं दर्ज – जिले में अब तक नरवाई जलाने की कुल 34 घटनाएं सामने आई हैं। इनमें से 25 मामलों में कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 19 हार्वेस्टर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं तथा 4 मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन द्वारा कृषकों से अपील की गई है कि फसल अवशेषों को खेतों में न जलाएं तथा पर्यावरण एवं भूमि की उर्वरता संरक्षण के लिए पराली प्रबंधन के निर्धारित उपाय अपनाएं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


