गुना – प्राकृतिक खेती से सालाना चार लाख तक का लाभ ले रहे कृषक बृजमोहन केवट
23 नवंबर 2026, गुना: गुना – प्राकृतिक खेती से सालाना चार लाख तक का लाभ ले रहे कृषक बृजमोहन केवट – कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने गत दिनों खटकिया में कृषक श्री बृजमोहन केवट के खेत का निरीक्षण कर नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजना के अंतर्गत उन्नत किए गए जैव इनपुट संस्थान केंद्र का फीता काटकर शुभारंभ किया। यह केंद्र कृषक श्री केवट द्वारा पहले से संचालित किया जा रहा था, जिसे योजना के अंतर्गत आवश्यक सुविधाओं से अपडेट किया गया है। इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक खेती से तैयार की जा रही सब्जियों, जैविक खाद एवं कीटनाशक घोल बनाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। कृषक श्री केवट प्राकृतिक खेती के माध्यम से टमाटर, कद्दू, लौकी सहित विभिन्न सब्जियों का उत्पादन कर प्रतिवर्ष लगभग चार लाख रुपये का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

स्वयं तैयार करते हैं जैविक खाद और कीटनाशक घोल – निरीक्षण के दौरान कृषक श्री बृजमोहन केवट ने कलेक्टर को प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले निमास्त्र, जीवामृत, दशपर्णी अर्क, ब्रह्मास्त्र, अग्निअस्त्र एवं वर्मी कम्पोस्ट तैयार करने की प्रक्रिया और उनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाली खाद एवं कीट नियंत्रण के लिए आवश्यक घोल वे स्वयं तैयार करते हैं। इससे खेती में बाहरी उत्पादों पर निर्भरता कम होती है और कम लागत में सब्जियों का उत्पादन किया जा सकता है।
किसानों को सोलर प्लांट लगाने के लिए मार्गदर्शन देने के निर्देश – इस दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने उपस्थित कृषकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। कृषक श्री रामप्रसाद सहित अन्य किसानों ने सोलर प्लांट लगवाने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम श्री अमित सोनी को संबंधित कृषकों के नाम एवं मोबाइल नंबर संकलित कर उन्हें सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा प्लांट स्थापित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोलर प्लांट लगने से किसानों को बिजली के बिल में राहत मिल सकती है।
प्राकृतिक खेती स्वास्थ्य और किसानों की आय के लिए लाभकारी- कलेक्टर श्री कन्याल ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादित उपज को अच्छे दाम मिलने की संभावना रहती है। इसके साथ ही यह स्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाभकारी है। उन्होंने किसानों से खेती में प्राकृतिक विधियों को अपनाने तथा कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने की दिशा में प्रयास करने का आह्वान किया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


