देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन भोपाल में राष्ट्र को समर्पित
23 नवंबर 2026, भोपाल: देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन भोपाल में राष्ट्र को समर्पित – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 20 नवंबर को भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान में मुर्गियों के लिए तैयार देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। यह वैक्सीन एच5एन1 अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए के विरुद्ध बनाई गई अपनी तरह की पहली वैक्सीन है। यही स्वरूप पिछले कुछ समय से देश की मुर्गियों में फैले अधिकांश बर्ड फ्लू प्रकोपों के लिए जिम्मेदार रहा है।
यह वैक्सीन संस्थान के वैज्ञानिकों ने पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से विकसित की है। बर्ड फ्लू का असर केवल पोल्ट्री फार्मों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका सीधा प्रभाव अंतरराष्ट्रीय व्यापार, पोल्ट्री उत्पादों की कीमतों और लाखों किसानों की आजीविका पर भी पड़ता है। भारत में वर्ष 2006 में पहली बार यह बीमारी सामने आई थी, और तब से अब तक देश में एच5एन1 और एच5एन8 उपप्रकारों के मिलाकर 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं।
देश-दुनिया में अब तक का असर
विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में एच5एन1 एवियन इन्फ्लुएंजा के 1,003 मानव मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हुई है। वैज्ञानिक अध्ययनों में यह भी सामने आया है कि हाल के वर्षों में इस वायरस का संक्रमण मुर्गियों के अलावा अन्य पशु प्रजातियों, यहां तक कि कुछ स्तनधारियों में भी पाया गया है, जिससे इसकी निगरानी और नियंत्रण की जरूरत और बढ़ गई है।
अब तक दुनिया में क्लेड 2.3.2.1ए के विरुद्ध सुरक्षा देने वाली कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में भारत के लिए यह स्वदेशी वैक्सीन खासा महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इससे देश को इस बीमारी से निपटने के लिए विदेशी तकनीक या आयातित वैक्सीन पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। संस्थान का लक्ष्य इस वैक्सीन के जरिए देश में सक्रिय रूप से प्रसारित हो रहे वायरस के इसी स्वरूप के विरुद्ध मुर्गियों को सुरक्षा देना है।
पोल्ट्री किसानों के लिए राहत की उम्मीद
बार-बार होने वाले बर्ड फ्लू प्रकोपों के चलते छोटे और मंझोले पोल्ट्री किसानों को हर बार बड़ी आर्थिक चोट झेलनी पड़ती है, क्योंकि प्रकोप की स्थिति में पूरे फार्म के पक्षियों को नष्ट करना पड़ता है। स्वदेशी वैक्सीन के उपलब्ध होने से उम्मीद है कि आने वाले समय में प्रकोपों की संख्या और उनकी गंभीरता में कमी आएगी, जिससे पोल्ट्री कारोबार से जुड़े किसानों और उद्यमियों को राहत मिलेगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


