राज्य कृषि समाचार (State News)

नर्मदापुरम : मखाना उत्पादन से किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास

25 जुलाई 2026, नर्मदापुरमनर्मदापुरम : मखाना उत्पादन से किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास – जिला प्रशासन एवं उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग, नर्मदापुरम द्वारा एम.पी. एग्रो फार्म, बाबई (माखन नगर) में मखाना की हार्वेस्टिंग (फसल कटाई) पर जिला स्तरीय सेमिनार एवं कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्रीय सहायता प्राप्त मखाना बोर्ड के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में जिले सहित पन्ना एवं रायसेन के लगभग 200 किसानों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मखाना उत्पादन की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना, वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देना तथा मखाना उत्पादन के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना था। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने मखाना की उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती, फसल प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण, प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन, विपणन एवं ब्रांडिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

प्रशिक्षण में बिहार के दरभंगा से आए मखाना विशेषज्ञ श्री अमरजीत साहनी ने किसानों को मखाना उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया, आधुनिक तकनीकों तथा बेहतर गुणवत्ता के उत्पादन के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर किसान मखाना उत्पादन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित कर सकते हैं। कार्यक्रम में किसानों को मखाना की प्रोसेसिंग एवं वैल्यू एडिशन के माध्यम से उत्पाद का मूल्य बढ़ाने तथा प्रभावी मार्केटिंग एवं ब्रांडिंग कर अधिक लाभ अर्जित करने के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए। साथ ही फसल को बीमारियों एवं हानिकारक कीटों से सुरक्षित रखने के उपायों पर भी विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

उप संचालक उद्यान, जिला नर्मदापुरम द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों से पारंपरिक खेती के साथ-साथ मखाना उत्पादन को अपनाने का आह्वान किया गया, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो तथा वे आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बन सकें। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री सुधीर पटेल, जिला पंचायत कृषि स्थायी समिति के सभापति श्री अजित मंडलोई, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सावित्रीबाई परनामे, श्री शिवा राजपूत, श्रीमती रीता उईके, उप संचालक उद्यान सहित नर्मदापुरम, पन्ना एवं रायसेन जिले के मखाना उत्पादक एवं प्रगतिशील किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture