राज्य कृषि समाचार (State News)

MP Weather Today: मध्यप्रदेश में झमाझम बरसे बादल, पचोर में 168 मिमी बारिश; हरदा-खंडवा-देवास में अति भारी वर्षा का रेड अलर्ट

03 जुलाई 2026, भोपाल: MP Weather Today: मध्यप्रदेश में झमाझम बरसे बादल, पचोर में 168 मिमी बारिश; हरदा-खंडवा-देवास में अति भारी वर्षा का रेड अलर्ट – भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मध्यप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग के अधिकांश जिलों में जबकि नर्मदापुरम, चंबल और रीवा संभाग के कई जिलों में वर्षा हुई। कई इलाकों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

कई जिलों में बारिश से मौसम हुआ सुहाना

आईएमडी के अनुसार पिछले 24 घंटों में इंदौर, उज्जैन, रीवा और जबलपुर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान में 2.2 से 3.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई, जबकि अन्य संभागों के तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ। चंबल संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा। वहीं रीवा, जबलपुर और शहडोल संभाग में तापमान सामान्य से 4.0 से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान में अधिकांश जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस खजुराहो (छतरपुर) में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस खंडवा में रिकॉर्ड किया गया।

इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 168 मिमी बारिश पचोर में रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा बालाघाट में 143.8 मिमी, किरनापुर में 140.6 मिमी, लालबर्रा में 138.2 मिमी और खातेगांव में 120 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

भारी बारिश वाले अन्य प्रमुख क्षेत्रों में केवलारी (105.2 मिमी), बिलहरी (105 मिमी), बरघाट (100.2 मिमी), वारासिवनी (97.2 मिमी), पिपलोदा (95 मिमी), मेहंदवानी (87.1 मिमी), नरसिंहपुर (83 मिमी), शाहपुरा-डिंडोरी (76 मिमी), सैलाना (75 मिमी), लखनादौन (73.1 मिमी), घोड़ाडोंगरी, पटेरा और मनावर (72-72 मिमी) शामिल रहे।

कई जिलों में चली तेज हवाएं

बारिश के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं भी चलीं। अशोकनगर में 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से सबसे तेज हवा दर्ज की गई। इसके अलावा सीहोर में 46 किमी, भिंड में 44 किमी, दतिया में 41 किमी, गुना में 39 किमी, नीमच में 37 किमी तथा रायसेन, भोपाल, मंदसौर, मुरैना, श्योपुर, सागर और अन्य जिलों में 30 से 41 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

सिनॉप्टिक मौसम परिस्थिति

आईएमडी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 3 जुलाई को उत्तरी अरब सागर के कुछ हिस्सों, गुजरात, मध्यप्रदेश के शेष क्षेत्रों तथा राजस्थान और हरियाणा के कुछ भागों तक आगे बढ़ चुका है। अगले 4 से 5 दिनों के दौरान मानसून के गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिसके साथ चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अगले दो दिनों में और अधिक मजबूत होने की संभावना है।

इसके अलावा मौसमी ट्रफ उत्तर-पश्चिम राजस्थान से होकर उत्तर मध्यप्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़ और ओडिशा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाले अन्य ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण, शीयर जोन और पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय बने हुए हैं, जिसके कारण अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

इन जिलों के लिए अति भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी ने हरदा, खंडवा और देवास जिलों में अति भारी वर्षा, गरज-चमक, वज्रपात तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

इसके अलावा बैतूल, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, अनूपपुर, डिंडोरी और बालाघाट जिलों में भी अति भारी बारिश के साथ तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, रतलाम, उज्जैन, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, सागर और पांढुर्णा जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।

वहीं भोपाल, विदिशा, अलीराजपुर, झाबुआ, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, मंडला, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में भी गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture