राज्य कृषि समाचार (State News)

मुरैना: जिला विपणन अधिकारी निलंबित

25 जुलाई 2026, मुरैना: मुरैना: जिला विपणन अधिकारी निलंबित – जिले में किसानों को समय पर एवं निर्बाध रूप से उर्वरक उपलब्ध कराने के संबंध में कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर जिला विपणन अधिकारी, मुरैना श्री विनोद कोटिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित, भोपाल द्वारा जारी आदेश के तहत की गई है।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री जांगिड़ ने जिले में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, थोक विक्रेताओं द्वारा स्टॉक होल्ड न किए जाने, फुटकर विक्रेताओं को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा किसानों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के उद्देश्य से आवश्यक निर्देश जारी किए थे। इसके साथ ही जिला विपणन अधिकारी को संघ द्वारा संचालित खाद विक्रय केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए थे। 21 जुलाई 2026 की उपलब्धता रिपोर्ट के अनुसार जिले में 6025 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध था तथा आईएफएमएस रिपोर्ट के अनुसार 22 जुलाई 2026 को विपणन संघ के पास 5666 मीट्रिक टन यूरिया का स्टॉक मौजूद था।  इसके बावजूद जिले के अनेक उर्वरक विक्रय केंद्रों की फुटकर आईडी पर मात्र 309 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध दर्शाया जा रहा था। परिणामस्वरूप किसानों को टोकन जनरेट कराने के बाद भी पर्याप्त मात्रा में उर्वरक प्राप्त नहीं हो सका तथा उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

आदेश में बताया गया है कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने के बावजूद जिला विपणन अधिकारी द्वारा विपणन संघ के खाद विक्रय केंद्रों की फुटकर आईडी पर समय पर स्टॉक का अंतरण नहीं कराया गया। इसके कारण किसानों को उर्वरक वितरण प्रभावित हुआ तथा संघ की कार्यप्रणाली और छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। निर्देश दिए जाने के बाद भी अपेक्षित सुधार नहीं होने को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही एवं कर्तव्य के प्रति उदासीनता माना गया। इन परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ कर्मचारी सेवा नियमों के अंतर्गत श्री विनोद कोटिया को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विपणन संघ मुख्यालय, भोपाल रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture