Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मुरैना: फार्मर रजिस्ट्री एवं बकेट क्लेमिंग के लिए 30 मई तक लगेंगे शिविर

12 मई 2026, मुरैना: मुरैना: फार्मर रजिस्ट्री एवं बकेट क्लेमिंग के लिए 30 मई तक लगेंगे शिविर– मध्य प्रदेश शासन के किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में ई-विकास प्रणाली पोर्टल के माध्यम से उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है। समीक्षा के दौरान यह पाया गया है कि एग्रीस्टेक पोर्टल पर कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री एवं बकेट क्लेमिंग कार्य की प्रगति अभी 50 प्रतिशत से कम है, जबकि ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री से लिंक भूमि के अनुपात में ही फसलवार उर्वरक उपलब्ध कराया जाना है। इस संबंध में कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने निर्देश दिए हैं कि कृषकों की शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री एवं बकेट क्लेमिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 30 मई तक ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि शिविरों की तिथि से कम से कम दो दिन पूर्व किसानों को मुनादी के माध्यम से सूचना दी जाए, ताकि वे आवश्यक दस्तावेजों सहित शिविर में उपस्थित होकर फार्मर आईडी बनवा सकें तथा छूटे हुए खसरों को लिंक करा सकें।

कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि फार्मर रजिस्ट्री एवं बकेट क्लेमिंग से वंचित सभी कृषकों की निजी भूमि को अनिवार्य रूप से फार्मर आईडी से लिंक किया जाए। शिविरों में राजस्व विभाग के पटवारी किसानों की फार्मर आईडी तैयार करेंगे तथा सभी खसरों को फार्मर आईडी से लिंक करेंगे। कृषि विभाग, पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक किसानों की ई-टोकन बुकिंग कराएंगे, जबकि सहकारिता विभाग समिति स्तर पर सदस्यों की ई-टोकन बुकिंग सुनिश्चित करेगा। कृषकों को शिविर में आधार कार्ड, भूमि स्वामित्व संबंधी दस्तावेज (खसरा/खतौनी), मोबाइल नंबर, समग्र आईडी तथा मृत किसान की स्थिति में मृत्यु प्रमाण-पत्र एवं अन्य परिजनों का सहमति-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। कलेक्टर ने समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को शिविरों का नोडल अधिकारी तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। शिविरों के संचालन एवं प्रगति के लिए संबंधित तहसीलदार उत्तरदायी होंगे। संपूर्ण कार्य का समन्वय अनुविभागीय कृषि अधिकारी एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी द्वारा किया जाएगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Ad DesktopAd TabletAd Mobile