कृषि सम्मेलन में मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किसानों को दी कई सौगातें, नई SBI शाखा से लेकर KCC तक मिले बड़े लाभ
18 जुलाई 2026, भोपाल: कृषि सम्मेलन में मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किसानों को दी कई सौगातें, नई SBI शाखा से लेकर KCC तक मिले बड़े लाभ – केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर जिले की बहादुरपुर कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित कृषि सम्मेलन में किसानों को कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने किसानों के हित में संचालित केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार खेती को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। इस दौरान उन्होंने बहादुरपुर में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की नई शाखा खोलने की घोषणा की और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), सॉयल हेल्थ कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के माध्यम से अशोकनगर जिले के हजारों किसानों के खातों में राशि हस्तांतरित की गई है। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों की आर्थिक मजबूती का आधार बन रही है और केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार नई पहल कर रही है।
बहादुरपुर में खुलेगी SBI की नई शाखा
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि किसानों की बैंकिंग सुविधाओं को आसान बनाने के लिए बहादुरपुर में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की नई शाखा शुरू की जाएगी। इससे किसानों को बैंकिंग सेवाओं, कृषि ऋण और अन्य वित्तीय सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा तथा उन्हें समय पर आवश्यक सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने बताया कि मुंगावली क्षेत्र में नए विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किए गए हैं, जिससे किसानों को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी। इससे सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और कृषि उत्पादन में भी बढ़ोतरी होगी।
खाद की उपलब्धता और वैज्ञानिक खेती पर दिया जोर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिले में ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद और यूरिया का पारदर्शी तरीके से वितरण किया जा रहा है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और वितरण में किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने और सॉयल हेल्थ कार्ड के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करने की अपील की। साथ ही गेहूं, चना और मसूर की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद तथा किसान हित में किए जा रहे अन्य प्रयासों की भी जानकारी दी।
कृषि वर्ष-2026 से किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस
सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2026 को कृषि वर्ष घोषित किया है। इसका उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि करना तथा कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन और सहकारिता विभाग की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दूध उत्पादन, फल, सब्जी और मत्स्य पालन को बढ़ावा देकर किसानों के लिए आय के नए स्रोत तैयार किए जा रहे हैं, ताकि वे केवल पारंपरिक खेती पर निर्भर न रहें।
किसानों को बांटे सॉयल हेल्थ कार्ड, KCC और लाखों रुपये के अनुदान
कृषि सम्मेलन में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत किसानों को हितलाभ भी वितरित किए गए। कृषि विभाग ने 250 किसानों को सॉयल हेल्थ कार्ड प्रदान किए, जबकि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक एवं सहकारिता विभाग ने 10 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) वितरित किए, जिन पर शून्य प्रतिशत ब्याज दर का लाभ मिलेगा।
मत्स्य पालन विभाग ने 5 मछुआ किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के तहत 10-10 हजार रुपये की सहायता प्रदान की। कृषि अभियांत्रिकी विभाग ने कस्टम हायरिंग सेंटर, रीपर कम बाइंडर और स्ट्रॉ रीपर जैसी योजनाओं के तहत किसानों को 1.50 लाख रुपये से 10 लाख रुपये तक के अनुदान के प्रमाण-पत्र वितरित किए।
इसके अलावा एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड योजना के तहत दो हितग्राहियों को 3 प्रतिशत ब्याज छूट के प्रमाण-पत्र दिए गए। पशुपालन विभाग ने डेयरी प्लस योजना, मुर्रा पाड़ा योजना और पशु किसान क्रेडिट कार्ड के तहत हितग्राहियों को लाखों रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं उद्यानिकी विभाग ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन (PMFME) योजना के तहत तीन हितग्राहियों को 35 प्रतिशत अनुदान (अधिकतम 10 लाख रुपये) के स्वीकृति आदेश सौंपे।
कृषि प्रदर्शनी का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कृषि विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कृषि यंत्रों, उन्नत बीजों, दवाइयों और अन्य कृषि सामग्री की जानकारी ली तथा अधिकारियों से किसानों तक आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुंगावली विधायक बृजेंद्र सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी, कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा, उप संचालक कृषि अमित सिंह भदौरिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

