किसानों को बड़ी राहत! घर-घर पहुंचाई जा रही खाद, ई-टोकन से हो रहा वितरण
13 जुलाई 2026, नर्मदापुरम: किसानों को बड़ी राहत! घर-घर पहुंचाई जा रही खाद, ई-टोकन से हो रहा वितरण – मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में किसानों को सुलभ एवं सुगम खाद वितरण व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई पहल शुरू की गई है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशों के पालन में पात्र किसानों तक उनके घर पर ही खाद पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही ई-टोकन के माध्यम से भी खाद वितरण को प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा रहा है।
सांडिया समिति ने किसानों के घर पहुंचाई खाद
कृषक सेवा सहकारी समिति सांडिया द्वारा ग्राम सहलवाड़ा निवासी किसान मनमोहन बोहरे एवं कमलेश बोहरे को उनके घर तक खाद पहुंचाई गई। इस पूरी प्रक्रिया के तहत पहले किसानों से संपर्क कर टोकन बुकिंग की गई। इसके बाद खाद परिवहन के लिए वाहन की व्यवस्था की गई और खाद की सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित करते हुए किसानों से प्राप्ति पावती भी ली गई।
ई-टोकन के माध्यम से हुआ खाद वितरण
सहकारी समिति सांवलखेड़ा द्वारा ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण की व्यवस्था की गई। इसके तहत ग्राम पालनपुर निवासी किसान अशोक कुमार वर्मा, श्रीमती अर्चना वर्मा, अमर वर्मा, श्रीमती सविता वर्मा एवं अमन वर्मा के साथ ही ग्राम पररादेह निवासी अशोक कुमार वर्मा एवं आनंद कुमार वर्मा को उनके घर तक खाद उपलब्ध कराई गई। चूंकि सभी किसान एक ही क्षेत्र के निवासी थे, इसलिए ट्रॉलियों की समुचित व्यवस्था कर खाद लोड कराकर सीधे उनके घरों तक पहुंचाई गई।
दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को प्राथमिकता देने के निर्देश
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों एवं सहकारी समितियों को निर्देश दिए हैं कि दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्थाएं करने और ई-विकास पोर्टल के माध्यम से खाद का वितरण प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global A

