वारासिवनी में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: कृषि केंद्र से एक्सपायरी कीटनाशक जब्त, अब होंगे नष्ट
01 जुलाई 2026, भोपाल: वारासिवनी में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: कृषि केंद्र से एक्सपायरी कीटनाशक जब्त, अब होंगे नष्ट – किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने और एक्सपायरी कृषि उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए बालाघाट जिले के वारासिवनी में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्तिकेय जायसवाल के नेतृत्व में राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने नगर स्थित रूसिया कृषि केंद्र का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक्सपायरी डेट वाले कीटनाशक मिलने पर उन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया। अब नियमानुसार इन कीटनाशकों को नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
स्टॉक, लाइसेंस और दस्तावेजों की हुई जांच
औचक निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने कृषि केंद्र में उपलब्ध धान के बीज, विभिन्न कीटनाशकों के स्टॉक रजिस्टर, व्यवसायिक लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। इसी दौरान कुछ ऐसे कीटनाशक पाए गए, जिनकी उपयोग अवधि समाप्त हो चुकी थी।
प्रशासन ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए सभी एक्सपायरी कीटनाशकों को तत्काल जब्त कर लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसानों की फसल और स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
नियमानुसार नष्ट किए जाएंगे जब्त कीटनाशक
एसडीएम कार्तिकेय जायसवाल ने बताया कि जब्त किए गए एक्सपायरी कीटनाशकों को निर्धारित नियमों के अनुसार नष्ट किया जाएगा। इसके लिए कृषि विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि आगे ऐसी सामग्री बाजार में न पहुंच सके।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान एसडीएम कार्तिकेय जायसवाल, तहसीलदार सुरेश उपाध्याय, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा टेंभरे सहित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने कृषि केंद्र में उपलब्ध कृषि आदानों और दस्तावेजों की विस्तार से जांच की।
किसानों और विक्रेताओं के लिए प्रशासन की अपील
प्रशासन ने सभी कृषि आदान विक्रेताओं को निर्धारित मानकों का पालन करने और एक्सपायरी सामग्री का विक्रय नहीं करने की सख्त चेतावनी दी है। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि खाद, बीज या कीटनाशक खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें और खरीद का पक्का बिल जरूर लें, ताकि किसी प्रकार की समस्या होने पर शिकायत दर्ज कराई जा सके।
प्रशासन का कहना है कि किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के कृषि आदान विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

