राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश: जैविक खेती की मिसाल बने किसान उदय महाजन, बुरहानपुर कलेक्टर ने खेत पहुंचकर की सराहना

24 जुलाई 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: जैविक खेती की मिसाल बने किसान उदय महाजन, बुरहानपुर कलेक्टर ने खेत पहुंचकर की सराहना – मध्यप्रदेश सरकार के कृषक कल्याण वर्ष के तहत राज्य के किसानों की आय में वृद्धि तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिये निरंतर प्रयास जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को बुराहनपुर कलेक्टर हर्ष सिंह ने ग्राम टिटगांवकलां में कृषक उदय महाजन के खेत पर आयोजित तुअर, उड़द एवं सोयाबीन की अन्तवर्तीय फसल प्रदर्शन का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फसल की प्रगति का जायजा लिया। इस अवसर पर बताया गया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (दलहन) के अंतर्गत प्रदर्शन हेतु तुअर की उन्नत किस्म भीमा उपलब्ध कराई गई है। वहीं बीज वितरण कार्यक्रम के तहत उड़द की उन्नत किस्म आई.पी.यू.-13-1 प्रदान की गई है।

अंतवर्तीय खेती का सफल मॉडल देख कलेक्टर ने की तारीफ

कृषक श्री उदय महाजन द्वारा जैविक पद्धति से अन्तवर्तीय खेती की जा रही है। कलेक्टर  सिंह ने खेत में विकसित फसल का अवलोकन करते हुए खेती के इस मॉडल की सराहना की। उन्होंने कहा कि अन्तवर्तीय एवं जैविक खेती से उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।

इस दौरान कलेक्टर सिंह ने कृषक उदय से संवाद करते हुए जैविक खेती से आ रहे परिणामों एवं पौष्टिक उत्पादों की जानकारी ली। कृषक  उदय ने बताया कि उन्हें जैविक खेती से लाभ मिल रहा है। जैविक खेती में कम मेहनत लगती है, वे अपने खेतों में जैविक खाद बनाकर उसका इस्तेमाल करते है। इससे उत्पादन में वृद्धि हुई है।

कृषक उदय ने बताया कि उन्होंने कृषि विभाग के माध्यम से जैविक खेती के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इस दौरान कलेक्टर सिंह ने जैविक रूप से हल्दी फसल की खेती का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर सृजन वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती पल्लवी पुराणिक, उपसंचालक कृषि एम.एस.देवके, उपसंचालक उद्यानिकी एस.आर. चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत संजय सिंह तथा तहसीलदार रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture