राज्य कृषि समाचार (State News)

बैरसिया मंडी में अचानक पहुंचे कुमार पुरुषोत्तम, किसानों से संवाद कर जानी समस्याएं और व्यवस्थाओं का लिया जायजा  

08 अगस्त 2026, भोपाल: बैरसिया मंडी में अचानक पहुंचे कुमार पुरुषोत्तम, किसानों से संवाद कर जानी समस्याएं और व्यवस्थाओं का लिया जायजा – मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के आयुक्त-सह-प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को कृषि उपज मंडी समिति, बैरसिया का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, किसान हितैषी व्यवस्थाओं और मंडी की कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कुमार पुरुषोत्तम ने मंडी में मौजूद किसानों, व्यापारियों, हम्मालों और तुलावटियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं व सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों को पारदर्शी, सुगम और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना मंडी बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंडी की सभी व्यवस्थाएं किसान-केंद्रित दृष्टिकोण से संचालित की जानी चाहिए।

ई-नाम और ई-मंडी व्यवस्था का किया निरीक्षण

प्रबंध संचालक ने मंडी की विभिन्न कार्यालयीन शाखाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद ई-नाम शाखा में स्थापित लैब और ई-मंडी प्रणाली के संचालन की जानकारी ली और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने मंडी परिसर स्थित कृषक विश्राम गृह, पार्क, उद्यान सहित अन्य नागरिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी प्रांगण का भ्रमण कर नीलामी शेड, सीसी रोड, शौचालय, निर्माणाधीन ग्रेडिंग एवं क्लीनिंग प्लांट तथा 10 मीट्रिक टन क्षमता वाले इलेक्ट्रॉनिक तौलकांटे के लिए चिन्हित स्थान का जायजा लिया।

कैंटीन में किसानों से लिया फीडबैक

कृषक भोजन व्यवस्था के तहत संचालित कैंटीन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वहां किसानों से बातचीत की और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। इसके साथ ही मंडी परिसर में स्थापित डीवीआई सूचना प्रसारण व्यवस्था, प्रवेश द्वार पर संचालित ई-मंडी प्रणाली, साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान मंडी कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों की ड्रेस कोड में उपस्थिति भी देखी गई। उन्होंने कर्मचारियों से मंडी के दैनिक कार्यों और वहां संचालित व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

नवीन फल-सब्जी मंडी के विकास कार्यों की समीक्षा

कुमार पुरुषोत्तम ने प्रस्तावित नवीन फल एवं सब्जी मंडी प्रांगण का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान विधायक विष्णु खत्री, संयुक्त संचालक सविता झानिया, अधीक्षण यंत्री मधुकर पंवार, कार्यपालन यंत्री एससी गोयल, तहसीलदार बैरसिया दुर्गा पटले, कृषि उपज मंडी समिति बैरसिया के सचिव सुनील कुमार भालेकर सहित मंडी बोर्ड और मंडी समिति के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture