‘क्षीर धारा ग्राम’ योजना: खरगोन जिले के 242 गांवों में लगेंगे पशु जागरूकता शिविर, सुधरेगा पशु स्वास्थ्य
15 अप्रैल 2026, भोपाल: ‘क्षीर धारा ग्राम’ योजना: खरगोन जिले के 242 गांवों में लगेंगे पशु जागरूकता शिविर, सुधरेगा पशु स्वास्थ्य – मध्य प्रदेश पशुपालन विभाग द्वारा खरगोन जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, उन्नत पशुपालन को प्रोत्साहित करने तथा पशु स्वास्थ्य एवं पशु पोषण में सुधार के उद्देश्य से “क्षीर धारा ग्राम” योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत जिले के चयनित ग्रामों में चरणबद्ध रूप से पशु जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
242 गांवों का हुआ चयन
योजना के प्रथम चरण में जिले के कुल 242 ग्रामों का चयन किया गया है। इनमें विकासखंड खरगोन से 22, कसरावद से 27, महेश्वर से 36, बड़वाह से 53, भीकनगांव से 36, झिरन्या से 16, भगवानपुर से 12, सेगांव से 17 तथा गोगांवा से 23 ग्राम शामिल हैं।
इन गांवों का चयन उन मानकों के आधार पर किया गया है, जहां उन्नत पशुपालकों की संख्या अधिक है तथा पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण और टैगिंग का स्तर 70 प्रतिशत से अधिक है।
गांव-गांव लगेंगे पशु स्वास्थ्य शिविर
चयनित ग्रामों में अप्रैल-मई माह के दौरान पशुपालन विभाग द्वारा विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में पशुओं के उपचार के साथ-साथ बांझपन निवारण, टीकाकरण, बधियाकरण और पशु प्रबंधन से जुड़ी जानकारी दी जा रही है।
इसके साथ ही गोबर और गौमूत्र के बेहतर उपयोग और प्रबंधन पर भी किसानों को मार्गदर्शन दिया जा रहा है, ताकि पशुपालक अतिरिक्त आय भी प्राप्त कर सकें।
दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर
इस योजना का मुख्य उद्देश्य पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार लाना और जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है। विभाग का मानना है कि बेहतर पशु स्वास्थ्य और वैज्ञानिक पशुपालन अपनाने से किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।
पशुपालकों से अपील
उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. जी.एस. सोलंकी ने जिले के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपने पशुओं का उपचार कराएं। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी से योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

