जबलपुर: विशेषज्ञ टीम ने प्राकृतिक खेती एवं कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन का लिया जायजा
01 जुलाई 2026, जबलपुर: जबलपुर: विशेषज्ञ टीम ने प्राकृतिक खेती एवं कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन का लिया जायजा – प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में हुए जिले में हुए कार्यों तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लेने संचालनालय किसान कल्याण तथा कृषि विकास, भोपाल से उप संचालक श्रीमती रश्मि वर्गिस के नेतृत्व में आई विशेषज्ञ टीम ने गत दिनों ग्रामीण क्षेत्र का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान डॉ वर्गिस और उनकी टीम ने ग्राम गोकलपुर में प्रगतिशील कृषक श्रीमती सपना काछी के खेतों और जैव इनपुट संसाधन केंद्र का अवलोकन कर जीवामृत, घन जीवामृत सहित अन्य प्राकृतिक तकनीकों के प्रयोग और उनके परिणामों का सूक्ष्म मूल्यांकन किया। टीम ने कृषकों के साथ संवाद कर प्राकृतिक खेती से मृदा स्वास्थ्य में सुधार, उत्पादन लागत में कमी और गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पाद प्राप्त होने के लाभों पर विस्तार से चर्चा की तथा इसे पर्यावरण संरक्षण और आय वृद्धि का सर्वोत्तम माध्यम बताया।
इस अवसर पर आत्मा परियोजना अंतर्गत धान की उन्नत किस्म ‘पूसा बासमती 1886’ के प्रक्षेत्र प्रदर्शन हेतु बीज और दलहन आत्मनिर्भरता योजना के तहत अरहर मिनीकिट का वितरण किया गया। साथ ही, टीम ने कृषकों को उनके उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और मार्केटिंग हेतु तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।
विशेषज्ञ टीम ने ग्राम समनापुर स्थित कृषक श्री पूरन लाल सैयाम की जैव संसाधन इकाई का भी निरीक्षण किया। उप संचालक सह परियोजना संचालक (आत्मा) ने स्थानीय अमले को निर्देशित किया कि क्षेत्र के सफल किसानों की सफलता की कहानियों का दस्तावेजीकरण किया जाए, ताकि अन्य किसान भी इनसे प्रेरित हो सकें।
खेत बचाओ अभियान के तहत जागरूकता :- ‘खेत बचाओ अभियान’ के उपलक्ष्य में आयोजित भ्रमण कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने कृषकों को संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक खेती को अपनाने और कम पानी वाली फसलों के चयन हेतु प्रोत्साहित किया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

