खुशखबरी! लाड़ली बहनों को सब्सिडी पर मिलेगी गाय, सरकार जल्द ला सकती है नई योजना
02 जुलाई 2026, भोपाल: खुशखबरी! लाड़ली बहनों को सब्सिडी पर मिलेगी गाय, सरकार जल्द ला सकती है नई योजना – मध्य प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रही है। राज्य सरकार लाभार्थी महिलाओं को सब्सिडी पर गाय उपलब्ध कराने की नई योजना लाने पर विचार कर रही है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ-साथ प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को भी बढ़ावा देना है। पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने बताया कि इस संबंध में प्रस्ताव तैयार किया गया है और मुख्यमंत्री मोहन यादव जल्द इसकी घोषणा कर सकते हैं।
महिलाओं की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस
राज्य मंत्री लखन पटेल ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि लाड़ली बहना योजना की पात्र महिलाओं को रियायती दर पर गाय उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि यदि ग्रामीण परिवारों के पास अधिक दूध देने वाली गाय और भैंसें होंगी, तो इससे दूध उत्पादन बढ़ेगा और महिलाओं को नियमित आय का अतिरिक्त स्रोत भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य मध्य प्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में और अधिक मजबूत बनाना है। इस योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति बेहतर होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
हर महीने मिल रही है 1,500 रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की पात्र महिलाओं को वर्तमान में हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। राज्य सरकार का मानना है कि इस योजना से महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा मजबूत हुई है और परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी भी बढ़ी है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में महिलाओं की आर्थिक भूमिका पहले की तुलना में अधिक सशक्त हुई है।
1.22 करोड़ महिलाओं को मिला योजना का लाभ
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जून 2023 में शुरू हुई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत अप्रैल 2026 तक 35 मासिक किस्तों के माध्यम से 1.22 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में 55,926.51 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।
सरकार का कहना है कि नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिला है।
दूध उत्पादन बढ़ाने की तैयारी
केंद्र सरकार द्वारा नवंबर 2025 में जारी आंकड़ों के अनुसार, दूध उत्पादन के मामले में मध्य प्रदेश देश का तीसरा सबसे बड़ा राज्य है। इस सूची में उत्तर प्रदेश पहले और राजस्थान दूसरे स्थान पर हैं। सरकार का मानना है कि यदि प्रस्तावित योजना लागू होती है, तो राज्य के दुग्ध उत्पादन में और वृद्धि हो सकती है तथा महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
प्रस्तावित योजना को लेकर कांग्रेस ने सवाल भी उठाए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल ने इसे चुनावी घोषणा बताते हुए कहा कि पहले भी लाड़ली बहना योजना के तहत सहायता राशि बढ़ाने के वादे किए गए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने सरकार से नई घोषणाएं करने के बजाय पहले पुराने वादों को पूरा करने पर ध्यान देने की मांग की।
हालांकि, राज्य सरकार का कहना है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रस्ताव पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। यदि मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलती है, तो लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए यह एक नई और महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

