Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

बाढ़ से तबाह फसलों का लेंगे जायजा, आज अरुणाचल-असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचेंगे शिवराज सिंह

01 जुलाई 2026, नई दिल्ली: बाढ़ से तबाह फसलों का लेंगे जायजा, आज अरुणाचल-असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचेंगे शिवराज सिंह – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज अरुणाचल प्रदेश और असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी और हवाई दौरा करेंगे। इस दौरान वे किसानों और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करेंगे। उनके साथ केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरन रिजिजू और संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।

इससे पहले शिवराज सिंह चौहान अरुणाचल प्रदेश पहुंचे थे, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वे नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने कहा कि मौसम ने हेलीकॉप्टर को जरूर रोक दिया, लेकिन राहत कार्यों के प्रति सरकार का संकल्प नहीं रुकेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आज पूरे दिन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हर किसान और हर परिवार की स्थिति का जायजा लिया जाएगा।

प्रभावित लोगों से की मुलाकात, सुनी समस्याएं

इटानगर पहुंचने के बाद केंद्रीय मंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों से आए लोगों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। लोगों ने उन्हें खेतों में पानी भरने, फसलों के खराब होने और घरों को हुए नुकसान की जानकारी दी। शिवराज सिंह ने सभी की बातें ध्यान से सुनीं और आश्वासन दिया कि किसी भी प्रभावित परिवार को सहायता से वंचित नहीं रखा जाएगा।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile

अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

इटानगर सचिवालय में अरुणाचल प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में केंद्रीय मंत्री ने बाढ़ की मौजूदा स्थिति, राहत एवं बचाव कार्य, पुनर्वास और आगे की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के किसानों और ग्रामीणों की चिंता केंद्र सरकार तक पहुंच चुकी है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

खेतों, राहत शिविरों और बाढ़ प्रभावित इलाकों का करेंगे निरीक्षण

आज के दौरे के दौरान शिवराज सिंह चौहान बाढ़ प्रभावित गांवों और राहत शिविरों में जाकर लोगों से बातचीत करेंगे। वे किसानों की फसलों को हुए नुकसान, पशुधन की स्थिति और बाढ़ से आम जनजीवन पर पड़े असर का मौके पर जाकर आकलन करेंगे। इसके अलावा हेलीकॉप्टर से अरुणाचल प्रदेश और असम के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे कर नदियों, तटबंधों, सड़कों और कृषि भूमि की स्थिति का भी निरीक्षण करेंगे।

असम में होगी राहत कार्यों की समीक्षा

दौरे के दौरान शाम को गुवाहाटी में असम सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसमें बाढ़ प्रबंधन, राहत सामग्री के वितरण, तटबंधों की मरम्मत और किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

भविष्य में नुकसान कम करने पर भी रहेगा जोर

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल तत्काल राहत पहुंचाना ही नहीं है, बल्कि भविष्य में बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए भी प्रभावी योजना तैयार की जाएगी। इसके तहत बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था, मजबूत तटबंध, सुरक्षित शेल्टर और फसल बीमा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा।

केंद्र सरकार ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा

मीडिया से बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश इस समय भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सड़कें, पुल और कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि किसानों की संतरा, केला और धान जैसी फसलें बर्बाद हो गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर वे प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का विस्तृत आकलन करेंगे और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर प्रभावित लोगों को इस संकट से बाहर निकालने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture