राज्य कृषि समाचार (State News)

कम बारिश में किसानों का कमाल! हरी खाद की ढैंचा फसल से करेंगे बीज उत्पादन, होगी अच्छी कमाई

18 जुलाई 2026, भोपाल: कम बारिश में किसानों का कमाल! हरी खाद की ढैंचा फसल से करेंगे बीज उत्पादन, होगी अच्छी कमाई – बदलते मौसम और कम वर्षा की चुनौती के बीच बालाघाट जिले के खैरलांजी विकासखंड के किसानों ने परिस्थितियों के अनुरूप खेती की रणनीति बदलकर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। ग्राम चोरपिंडकेपार के प्रगतिशील किसान जयंत बिसेन एवं श्री राजेश उइके ने इस वर्ष हरी खाद के लिए बोई गई ढैंचा की फसल को बीज उत्पादन में बदलने का निर्णय लेकर नुकसान को मुनाफे में बदलने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

कृषि विभाग के मार्गदर्शन में दोनों किसानों ने अपने खेतों में हरी खाद के लिए विभाग से ढैंचा बीज प्राप्त कर उसकी बुवाई की थी। सामान्य परिस्थितियों में ढैंचा की फसल को खेत में पलटकर मिट्टी की उर्वरता बढ़ाई जाती है, जिससे धान की खेती को लाभ मिलता है। लेकिन इस वर्ष अल नीनो के प्रभाव के कारण अपेक्षित वर्षा नहीं होने से धान की खेती प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। ऐसी स्थिति में किसानों ने समय रहते निर्णय लेते हुए ढैंचा की फसल को खेत में न पलटकर बीज उत्पादन के लिए तैयार करने का फैसला किया। वर्तमान में लगभग आधा एकड़ क्षेत्र में लगी ढैंचा की फसल फूल आने की अवस्था में है और बीज उत्पादन के लिए पूरी तरह अनुकूल दिखाई दे रही है।

कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि ढैंचा के गुणवत्तापूर्ण बीज की बाजार में अच्छी मांग रहती है। ऐसे में इस फसल से किसानों को इतनी आय होने की संभावना है, जो लगभग धान की एक फसल से मिलने वाली आय के बराबर हो सकती है। इससे किसानों को मौसम की मार से राहत मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री फूलसिंह मालवीय ने बताया कि जिले के किसानों को मौसम की परिस्थितियों के अनुसार फसल प्रबंधन अपनाने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कम वर्षा की स्थिति में किसान वैकल्पिक खेती और बीज उत्पादन जैसे नवाचार अपनाकर बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं। ग्राम चोरपिंडकेपार के किसानों की यह पहल अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत है, जो यह संदेश देती है कि समय पर लिया गया सही निर्णय विपरीत परिस्थितियों को भी अवसर में बदल सकता है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture