राज्य कृषि समाचार (State News)

धार कलेक्टर ने की सहकारिता विभाग के कार्यों की समीक्षा

15 जुलाई 2026, धार: धार कलेक्टर ने की सहकारिता विभाग के कार्यों की समीक्षा – कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति एवं गबन-धोखाधड़ी निवारण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले की सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली में सुधार लाने, व्यावसायिक गतिविधियों को विस्तार देने और वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री मीना ने सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत कृषक उत्पादक सहकारी संगठनों (FPO) के लिए व्यावसायिक गतिविधियों का चयन कर एक ठोस कार्य योजना निर्मित करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने जिले में नवीन पंजीकृत बी-पैक्स (B-PACS) समितियों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक विभागीय कार्यवाही को गति देने पर जोर दिया। बुनियादी ढांचे के विकास के क्रम में, उन्होंने सहकारी संस्थाओं के स्वामित्व वाली उपलब्ध भूमि का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करते हुए वहां गोदाम निर्माण संबंधी प्रस्ताव प्राथमिकता से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

वित्तीय अनुशासन पर विशेष बल देते हुए कलेक्टर ने सहकारी संस्थाओं में वर्षों से लंबित गबन और धोखाधड़ी के प्रकरणों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इन मामलों का त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे प्रकरणों में दोषी पाए गए कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और वसूली हेतु उनकी संपत्ति कुर्क (अटैच) करने की प्रक्रिया को अविलंब अमल में लाया जाए। इस दौरान संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global